प्रतिनिधि,जमशेदपुर।जयराम सिंह हत्याकांड में शुक्रवार एडीजे वन संजय कुमार उपाध्याय की अदालत में दो तत्कालीन न्यायिक दंडाधिकारी अनिल कुमार पांडेय और सुनिल कुमार तिवारी की गवाही हुई। वहीं वीसी के माध्यम से गवाही पूरी की गई। इस दौरान अदालत में डॉन अखिलेश सिंह का गुरु विक्रम शर्मा भी मौजूद था और जो लगातार तीन दिनों से कोर्ट में हाजिरी लगा रहा है।
बताया जा रहा है कि दो तत्कालीन न्यायिक दंडाधिकारी की गवाही होने के बाद मामले में कुल 8 लोगों की गवाही पूरी हो चुकी है। जबकि अब सिर्फ 8 लोगों की गवाही होनी बाकी है। साथ ही सभी गवाही में विक्रम शर्मा को अदालत में मौजूद रहने का आदेश अदालत ने दिया है। जयराम हत्याकांड में कुल 16 लोग गवाह बने हैं। वर्तमान में डॉन अखिलेश सिंह दुमका जेल में बंद है और वह भी जयराम सिंह हत्याकांड में आरोपी है।
बताते चलें कि घटना के दिन 4 अक्टूबर 2008 को दुर्गापूजा के दौरान तत्कालीन टाटा स्टील कंपनी के सिक्योरिटी चीफ जयराम सिंह अपनी पोती के साथ जुबली पार्क से मॉर्निंग वाक कर साकची थाना अंतर्गत बाग-ए-जमशेद होते हुए घर की तरफ जा रहे थे। इसी बीच चौक पर उनको गोली मारी गई थी। गोली लगने से घायल होने के बाद उन्हें इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। वहीं अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने आरोपियों को जेल भी भेजा था।





