प्रतिनिधि,हजारीबाग।हज़ारीबाग़ बगोदर,विष्णुगढ़ एनएच- 522 टाटीझरिया मुख्य चौक से सिवाने नदी पुल और बन्हें मोड़ तक जाने वाली सड़क अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। हाईवे के इस मुख्य मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग सफर करते हैं। दिनभर वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। फिर भी किसी को इसकी सुध लेने की फुर्सत नहीं है। सड़क में जगह-जगह बने गड्ढे व उबड़-खाबड़ सड़क इसकी जर्जरता बयां करती है। हाल में हुए सड़क मरम्मतिकरण कार्य में काफी अनियमितता बरती गई है। सड़क पर जहां गड्ढे थे उसकी मरम्मत हुई ही नहीं। सड़क जहां सपाट थी वहां मरम्मति के नाम पर पिचिंग किया गया है। सड़क जर्जर होने के कारण दोपहिया व छोटे वाहन चालकों को तो भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके चलते इस मार्ग में अक्सर हादसे भी होते रहते हैं। ऐसा नहीं है कि क्षेत्र के लोगों ने इस सड़क के पुनर्निर्माण की मांग जोर-शोर से नहीं की,लेकिन उनकी आवाज सुनने वाला शायद कोई नहीं है।स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों ने एनएच विभाग व जिलाधिकारी से सड़क मरम्मत करवाने की मांग की है। वहीं फोरलेन निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने की पहल करने की मांग किया है।