आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में जहरीली शराब कांड मामले में जिला प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। समाजवादी पार्टी के बाहुबली विधायक रमाकांत यादव के भांजे शराब माफिया रंगेश यादव की 67 लाख से अधिक की संपत्ति को जिला प्रशासन ने कुर्क किया है।पुलिस अब रमाकांत यादव की संपत्ति भी कुर्क करने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि रमाकांत यादव अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति को अपने भांजे रंगेश यादव के नाम से लेकर पुलिस को जलेबी की तरह घुमा रहे थे।





मिली जानकारी के अनुसार जिले की फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग गांव के ज़मीन को पुलिस ने कुर्क किया है।इस जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 67 लाख 14 हजार 800 रुपए है।पुलिस के अनुसार यह संपत्ति बाहुबली रमाकांत यादव की है और भांजे रंगेश यादव के नाम से ली गई थी।पुलिस ने फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग गांव में मौजूद जमीन को कुर्क किया है।साथ ही वहां पर नोटिस का बोर्ड भी चस्पा कर दिया है।कुर्की की कार्रवाई के दौरान फूलपुर कोतवाली पुलिस के साथ अहरौला और अतरौलिया पुलिस भी मौजूद रही।





आपको बताते चलें कि माहुल में फरवरी में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी और 60 से अधिक लोग बीमार हो गए थे।इस मामले में जांच के बाद सामने आया था कि जिस सरकारी ठेके से शराब बेची गई थी, वो बाहुबली रमाकांत यादव शराब माफिया भांजे रंगेश यादव के नाम से चला रहा था।इसी ठेके से शराब पीने की वजह से 14 लोगों की मौत हुई थी।कहा तो ये भी जा रहा है कि बाहुबली रमाकांत यादव ने अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति से पूरा साम्राज्य खड़ा किया था।जल्द ही पुलिस रमाकांत यादव के नाम से भी अर्जित संपत्ति को कुर्क करेगी।