प्रतिनिधि,जमशेदपुर। जुगसलाई थाना अंतर्गत रहने वाले रोनित गुप्ता पर रविवार देर रात्रि कन्हैया सिंह समेत गुर्गों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। हालांकि घटना में रोनित को गोली नहीं लगी। जिसके बाद देर रात्रि ही पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई। जबकि परिजनों ने घटना की लिखित शिकायत सोमवार की दोपहर को थाने में की है।
मामले में बताया जा रहा है कि 1 जनवरी को रोनित गुप्ता अपने दोस्तों के साथ नए साल की पार्टी मना रहे थे। इसी बीच कन्हैया सिंह ने अपने गुर्गों के साथ वहां पहुंचकर रोनित पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद रोनित के सभी साथी वहां से फरार हो गए। जिसके बाद मामले की सूचना थाने को दी गई। जबकि घटना के दूसरे दिन सोमवार की दोपहर रोनित के परिजनों ने थाने में पहुंचकर पुलिस से मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। वहीं परिजनों ने कहा कि उनके साथ कभी भी कुछ भी हो सकता है।
बताते चलें कि रोनित गुप्ता पर 11 फरवरी 2022 को फायरिंग करने का एक मामला बागबेड़ा थाने में दर्ज है। फायरिंग की घटना थाने के बगल में स्थित सिद्धू कानू मैदान में घटी थी। वह बागबेड़ा थाने से पहले जेल भी जा चुका है। बताया जा रहा है कि कन्हैया सिंह और रोनित गुप्ता के बीच जमीन को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है और इसी विवाद के कारण बागबेड़ा में 11 फरवरी 2022 की देर रात दोनों पक्ष की ओर से फायरिंग की घटना घटी थी। जिसमें पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग मामला भी दर्ज किया था। कन्हैया सिंह शहर के डॉन अखिलेश सिंह का काफी करीबी माना जाता है। बागबेड़ा में फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने कन्हैया सिंह के साथ-साथ उसके साथी ज्योति प्रकाश सिंह, सुनिल पासवान के अलावा दूसरे गैंग के रोनित गुप्ता, विजय सिंह मोनू, सिकंदर कुमार और किशन साहू को भी जेल भेजा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





