रांची।कलकत्ता हाईकोर्ट ने झारखंड के जामताड़ा से कांग्रेस के तीनों विधायकों को शनिवार को अंतरिम जमानत दी है। इरफान अंसारी,खिजरी से विधायक राजेश कच्छप और कोलेबिरा के विधायक नमन बिक्सल को अंतरिम जमानत दी। झारखंड के ये तीनों विधायक पश्चिम बंगाल के हावड़ा में 50 लाख से ज्यादा नकदी के साथ पकड़े गए थे।





ममता बनर्जी पर लगाये गंभीर आरोप





जमानत मिलने के बाद जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए।अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राजनीतिक लाभ के लिए हमें गलत तरीके से फंसाया है।जो भी पैसे बरामद किए ग‌ए हैं,वो हमारे हैं।अंसारी ने कहा कि हमारी रगों में कांग्रेस का खून बह रहा है।हम कभी भारतीय जनता पार्टी में शामिल नहीं हो सकते।





तीन विधायक सरकार नहीं गिरा सकते: इरफान अंसारी





इरफान अंसारी ने कहा कि तीन विधायक कभी भी किसी सरकार को नहीं गिरा सकते हैं।इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी पर झारखंड की गठबंधन सरकार को गिराने की साजिश रचने का आरोप है। बरहाल विधायकों ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है।पिछले दिनों हाईकोर्ट ने इन्हें अंतरिम जमानत देते हुए कहा था कि सभी को व्यक्तिगत रूप से हर सप्ताह जांच अधिकारी के समक्ष पेश होना होगा।





कांग्रेस विधायकों के वकील ने दी थी कोर्ट में ये दलील





उल्लेखनीय है कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने तीनों विधायकों को 17 अगस्त को तीन महीने की अंतरिम राहत दी थी।कोर्ट ने केस की अगली सुनवाई की तारीख 10 नवंबर 2022 मुकर्रर की थी। उस दिन तीनों कांग्रेस विधायकों के वकील मुकुल रोहतगी ने कोर्ट में दलील दी थी कि इनके पास जो पैसे थे, वो साड़ी खरीदने के लिए थे।ये लोग जनजातीय महोत्सव के लिए साड़ियां खरीदने ग‌ए थे।





हमें भाजपा सूट नहीं करती





इरफान अंसारी ने कहा कि वह अल्पसंख्यक समाज से आते हैं। उनके पिता लंबे अरसे तक कांग्रेस पार्टी के नेता रहे,मंत्री रहे। वह खुद दो बार के विधायक हैं।नमन विक्सल कोंगाड़ी ईसाई समुदाय से आते हैं।पादरी हैं।राजेश कच्छप आदिवासी समाज से आते हैं। हम लोगों को भाजपा सूट नहीं करती। हम कभी भाजपा में जा ही नहीं सकते।मैं ममता दीदी की बहुत इज्जत करता हूं।राजनीतिक लाभ के लिए उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था।





कांग्रेस ने तीनों विधायकों को कर दिया है निष्कासित





असम प्रकरण पर जब पत्रकारों ने सवाल किया, तो वह बिना कोई जवाब दिए चले गए।पश्चिम बंगाल में इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने इन तीनों विधायकों को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।





आपको बता दें कि झारखंड के तीन कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सल कोंगारी को 30 जुलाई को पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के पंचला में इनकी कार से लगभग 49 लाख रुपए नकद जब्त करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद मामले की जांच बंगाल सीआईडी को सौंप दी गई।





पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था कि 30 जुलाई की शाम पंचला थाना क्षेत्र के रानीहाटी में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर रोके गए विधायकों के वाहन से 49 लाख रुपये की राशि बरामद हुई। उन्होंने कहा कि विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सल कोंगारी और उनका वाहन चालक पुलिस को यह बताने में विफल रहे कि वे इतनी बड़ी मात्रा में नकदी क्यों ले जा रहे थे।जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि सीआईडी ने हावड़ा ग्रामीण पुलिस से जांच अपने हाथ में ले ली थी।पुलिस ने तीनों विधायकों समेत पांच लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।