रांची।पश्चिम बंगाल में 30 जुलाई को 49 लाख रुपए के साथ जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी, खिजरी विधायक राजेश कच्छप और कोलेबिरा विधायक नमन विक्सन कोंगाड़ी समेत पांच लोग पकड़े गए थे।इस मामले में मंगलवार को बंगाल सीआईडी की टीम ने राजधानी रांची के सेक्टर टू स्थित विधायक इरफान अंसारी के आवास में छापेमारी की। छापेमारी में आवास से 5.70 लाख रुपए बरामद हुए।वहीं आवास में खड़ी एक स्कॉर्पियो को भी टीम ने जब्त कर लिया।
घटना के दौरान उपयोग हुई स्काॅर्पियो रांची से बरामद
सीआईडी की टीम इरफान अंसारी से बरामद रुपए के संबंध में पूछताछ करेगी।सीआईडी को पता चला कि बरामद स्कॉर्पियो का प्रयोग घटना के दौरान हुआ था।बंगाल में कैश कांड के दौरान स्कॉर्पियो के रांची स्थित आवास आने का सीसीटीवी फुटेज सीआईडी टीम को मिला था।टीम ये जानकारी ले रही है कि रुपए घर में पहले से थे या कोई व्यक्ति स्कॉर्पियो से लेकर विधायक आवास पहुंचा था।
राजेश कच्छप के आवास में दूसरे दिन भी छापेमारी
बंगाल सीआईडी की टीम ने दूसरे दिन भी विधायक राजेश कच्छप के सेक्टर-दो स्थित आवास में छापेमारी की।सोमवार को छापेमारी के दौरान राजेश कच्छप के कमरे की चाबी सीआईडी टीम को नहीं मिल पायी थी।जिससे तलाशी पूरी नहीं हो सकी थी। सीआईडी की टीम ने मंगलवार को राजेश कच्छप की पत्नी को फोन कर चाबी मंगाने के बाद सभी कमरे की तलाशी ली। लगभग तीन घंटे तक एक-एक कमरे की तलाशी ली गयी।हालांकि आवास से नकद या घटना से जुड़े कोई साक्ष्य नहीं मिले।
सोमवार से बंगाल CID की टीम कर रही छापेमारी
आपको बता दें कि सोमवार को बंगाल सीआईडी की टीम ने विधायक इरफान अंसारी के जामताड़ा स्थित आवास पर छापेमारी की थी।इस दौरान कई दस्तावेजों को खंगाला था। इसी दिन रांची के खिजरी से कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप के आवास पर भी सीआईडी की टीम ने छापेमारी की थी।





