रांची।बुधवार को पूरे झारखंड राज्य में चक्रवाती तूफान गुलाब का असर दिखाई दिया।कई इलाकों में मध्यम तो कई जगह भारी बारिश हुई और जनजीनवन अस्तव्यस्त हो गया।गुरुवार को भी राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना हैं। मौसम विभाग ने इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।बंगाल से लगे जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है और तेज हवाएं भी चलेंगी। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग और रामगढ़ में भी भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा कोल्हान, सिमडेगा और खूंटी में भी भारी बारिश होने की संभावना है। संताल में हवाओं की रफ्तार अधिक होगी।
मिली जानकारी के अनुसार राजधानी रांची सहित राज्य के कई इलाकों में बुधवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।राजधानी रांची में सुबह से शाम तक रुक-रुक कर बारिश हुई। राजधानी रांची में मध्यम दर्जे की बारिश हुई और सात मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई।सबसे ज्यादा 49 मिमी बारिश राजमहल-साहिबगंज में दर्ज हुई। संताल से कोयलांचल में भी भारी बारिश और आंधी से परेशानी हुई। धनबाद में पिछले 12 घंटे से मूसलाधार बारिश जारी है। यहां बीते 24 घंटे में 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। इधर, गिरिडीह में सुबह से कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हुई। कहीं से भी नुकसान की खबर नहीं है। दुमका में भी रुक-रुक कर बारिश होती रही। तेज हवाओं और बारिश के कारण काठीकुंड के सेजपहाड़ी गांव में कच्चा घर गिर जाने से एक महिला और एक छोटी बच्ची घायल हो गई है।





