धनबाद।रेलवे बारिश की विदाई के साथ अब ठंड की तैयारियों में लग गया है। रेलवे उत्तर भारत में पड़ने वाली कड़ाके की ठंड और कोहरे की आशंका को देखते हुए ट्रेनों के आवागमन में कई फेरबदल कर रहा है।इसी निमित्त रेलवे ने गोमो होकर चलने वाली संतरागाछी-आनंद विहार स्पेशल और टाटा-अमृतसर जालियांवाला बाग स्पेशल को दिसंबर में रद्द करने की घोषणा की है।



ये ट्रेनें नही चलेंगी



रेलवे की घोषणा के मुताबिक 08103 टाटा-अमृतसर स्पेशल एक दिसंबर से 29 दिसंबर तक नहीं चलेगी।जबकि 08104 अमृतसर-टाटा स्पेशल को एक दिसंबर से 31 दिसंबर तक रद्द किया गया है। इसी तरह 02585 संतरागाछी-आनंद विहार स्पेशल छह दिसंबर से 27 दिसंबर तक स्थगित रहेगी। डाउन में 02585 आनंद विहार-संतरागाछी स्पेशल को सात दिसंबर से 28 दिसंबर तक रद्द करने की घोषणा की गई है।



अन्य ट्रेनें भी हो सकती हैं प्रभावित



रेलवे ने अधिसूचना में इस बात का भी जिक्र किया है कि अगर कोहरे का असर जारी रहा तो जनवरी और फरवरी में भी इन दोनों ट्रेनों को कैंसिल रखा जाएगा। धनबाद से खुलने वाली धनबाद-फिरोजपुर गंगा सतलज को दिसंबर, जनवरी और फरवरी माह में गुरुवार को रद्द करने की घोषणा की थी। जबकि गोमो होकर चलने वाली रांची-पटना जनशताब्दी को भी इन्हीं तीन महीनों में हर शुक्रवार को रद्द रखने की अधिसूचना जारी की गई थी। बहुत जल्द कोहरे के दौरान कोलकाता, हावड़ा और सियालदह से खुलने वाली ट्रेनों के आवागमन में भी परिवर्तन की घोषणा की जाएगी। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ेगी।