रांची।झारखंड में मानसून की एंट्री महसूस होने लगी है। मानसून की एंट्री से पहले की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। झारखंड के कई इलाकों में सोमवार से रुक-रुक बारिश हो रही है।बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है तो वहीं बारिश अच्छे मानसून की संकेत भी दे रही है।





आने वाले कुछ दिनों में झारखंड के अन्य हिस्सों के मौसम में भारी बदलाव होगा।भारतीय मौसम विभाग रांची केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों के लिए यलो अलर्ट के साथ चेतावनी भी जारी की है। इसके तहत 16 से 19 जून तक झारखंड के कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश होगी और कुछ हिस्सों मे 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलेगी।





गुरुवार को झारखंड के उत्तर-पूर्वी भाग देवघर, धनबाद, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में तेज हवा के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को झारखंड के उतरी, दक्षिणी-पूर्वी भाग के पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार व लोहरदगा के अलावा पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश होगी। इस अवधि में इन इलाकों में तेज हवा के साथ वज्रपात होने की भी संभावना है।





शनिवार को भी देवघर, धनबाद, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज व पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां भारी बारिश की चपेट में रहेंगे। रविवार को उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी-पूर्वी राज्य के हिस्सों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात व अत्यधिक बारिश होगी।





बुधवार को राजधानी रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में रुक-रुक कर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। मौसम परिवर्तन होने से रांची के अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। रांची में अधिकतम 26 और न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।





24 घंटों के अंतराल में राज्य के दक्षिणी भाग में काफी बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश 64.7 मिलीमीटर जमशेदपुर में दर्ज की गई, जबकि सबसे अधिक उच्चतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में दर्ज किया गया। मौसम में यह बदलाव दक्षिण-पश्चिम मानसून का बंगाल की खाड़ी में दस्तक देने से हुआ है।





मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रांची समेत आसपास के इलाकों मे 19 जून तक सामान्यत: आसमान में बादल छाएं रहेंगे और दो या इससे अधिकार बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इस समय रांची का अधिकतम तापमान 27 से 29 और न्यूनतम 23-24 डिग्री सेल्सियस तक होगा।