धनबाद।सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को धनबाद के बलियापुर हवाई पट्टी मैदान में आयोजित झारखंड स्किल कॉन्क्लेव को संबोधित किया।इस मौके सीएम ने 48 करोड़ रुपए की योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और 178 करोड़ रुपए की योजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया।इस दौरान सीएम ने 20 हजार युवाओं को ऑनलाइन ऑफर लेटर दिए। हालांकि, कुछ युवाओं के बीच सांकेतिक रूप से उन्होंने अपने हाथों से ऑफर लेटर का भी वितरण किया।
सीएम हेमंत सोरेन ने घोषणा की है कि झारखंड में जल्द ही पांच हजार मॉडल स्कूल खोले जाएंगे। पहले 80 मॉडल स्कूल खोले जा चुके हैं, जिनमें शिक्षकों की नियुक्ति भी हो चुकी है। सीएम ने कहा की कि राज्य के गरीब और वंचित युवाओं को शिक्षा और कौशल से जोड़ने की दिशा में भी सरकार गंभीरता से पहल कर रही है। इस मद्देनजर राज्य के सभी 24 जिलों में जल्द ही श्रम विभाग की ओर से आवासीय स्कूल खोले जाएंगे। इन आवासीय विद्यालयों में गरीब बच्चों को मुफ्त में शिक्षा दी जाएगी। विद्यालयों को खोलने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। श्रम विभाग की योजना है कि युवाओं को अब केवल ट्रेनिंग और नौकरी ही नहीं दी जाएगी, बल्कि उन्हें शिक्षित और कौशलयुक्त भी बनाने का काम किया जाएगा।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि अगर योजनाओं की गिनती करने लग जाएं तो इसमें लंबा समय चला जाएगा। राज्य सरकार अब न केवल अपने राज्य में,बल्कि विदेशों में भी युवाओं को ट्रेनिंग दिलाकर रोजगार मुहैया करने का काम कर रही है।सीएम ने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य युवाओं को सशक्त बनाना और रोजगार दिलाना है। साथ ही झारखंड को विकसित राज्य की श्रेणी में खड़ा करना है।इस मौके पर झरिया की एक छात्रा ने अपने हाथों से बनाए पोट्रेट सीएम को भेंट किया।
सीएम ने कहा कि आज विदेशों से भी मेहमान इस स्किल कॉन्क्लेव में शिरकत करने पहुंचे हुए हैं। वे झारखंड के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष करने के लिए विदेशों में प्रशिक्षण देंगे। इसे लेकर राज्य सरकार ने उनके साथ सोमवार को एमओयू किया है। इस समझौते से आने वाले समय में झारखंड के युवाओं को संबल और कुशल बनाया जाएगा।
सीएम हेमंत सोरेन ने भाजपा पर भी निशाना साधा। सीएम ने कहा कि झारखंड में चुनाव का मौसम आ गया है। इसके आते ही व्यापारियों के हेलीकॉप्टर घूमने लगे हैं। जनता को इससे सचेत रहने की जरूरत है। सोझ-समझकर अपने कीमती वोट पर फैसला करना है।
इस मौके पर श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि रोजगार की दिशा में झारखंड सरकार बेहतर काम कर रही है। युवाओं को नौकरियां दी जा रही हैं। वहीं ग्रामीण विकास मंत्री इरफान खान ने भाजपा पर जुबानी हमला किया। इरफान ने कहा कि इस राज्य में भाजपा 18 साल तक सत्ता में रही और बंदूक की नोंक पर राज किया। रघुवर दास सरकार में हाथी उड़ता था, लेकिन आज हेमंत सोरेन की सरकार में जुमलेबाजी नहीं, जमीन पर काम दिख रहा है। समारोह को विधायक मथुरा महतो, विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने भी संबोधित किया।





