झारखंड में तंत्र और लोक दोनों मजबूत हैं, सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी : बन्ना गुप्ता





साकची श्री अग्रसेन भवन में तीन दिवसीय कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का हुआ शुभारंभ







प्रतिनिधि,जमशेदपुर। विकलांगता मुक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी सुरभि शाखा द्वारा साकची स्थित श्री अग्रसेन भवन में तीन दिवसीय कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। यह शिविर आगामी 8 जनवरी रविवार तक चलेगा। वहीं शिविर में पहले दिन तक कुल 300 से अधिक लोगों का रजिस्ट्रेशन हुआ। जिसकी संख्या दो दिनों में और बढ़ने की संभावना हैं।





यह नेक कार्य स्व. रानी देवी चौधरी की पुण्य स्मृति में सरलाल ग्रुप के चेयरमैन रामकृष्ण चौधरी व उनके परिजनों द्वारा आयोजित है। साथ ही कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि चेयर पर्सन हॉर्टिकल्चर सोसायटी जमशेदपुर रूचि नरेंद्र, स्वास्थ्य एवं आपदा मंत्री बन्ना गुप्ता, सौजन्यकर्ता रामकृष्ण चौधरी द्वारा दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया गया। मौके पर समाज सेविका सुधा गुप्ता, समाजसेवी आलोक चौधरी, प्रांतीय उपाध्यक्ष अजय चेतानी, प्रांतीय महामंत्री अरुण गुप्ता, कार्यक्रम संयोजिका मनीषा संघी, पूजा अग्रवाल, सचिव निधि अग्रवाल समेत समाज के लोग उपस्थित रहे।शाखा अध्यक्ष उषा चौधरी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।





इस दौरान उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से पैर एवं हाथ सिलीगुड़ी से आए टेक्निशियन जांच कर प्रदान करेंगे। जो कोई भी पैर या हाथ किसी कारणवश नहीं लगा पाएं हैं,उन्हें शाखा द्वारा व्हीलचेयर भी प्रदान किया जाएगा। शिविर के पहले दिन शाखा द्वारा सरलाल ग्रुप के सौजन्य से जरूरतमंदों को 11 व्हील चेयर और 5 वॉकर उपलब्ध कराया गया। मंच का सफल संचालन करते हुए पूजा अग्रवाल ने सुरभि शाखा को सहयोग करने के लिए सरलाल ग्रुप एवं रामकृष्ण चौधरी परिवार का आभार भी प्रकट किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन सचिव निधि अग्रवाल ने दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुरभि शाखा की समस्त टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बताते चलें कि सुरभि शाखा की स्थापना 2007 में हुई हैं। जिसके लगभग 15 सालों बाद शाखा द्वारा आयोजित यह दूसरी कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर है।





इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत सुरभि शाखा और सरलाल गुप्र की प्रशांसा करतेे हुए झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग की तरफ से हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। मंत्री बन्ना गुप्ता ने पारसनाथ स्थित जैन तीर्थस्थल सम्मेद शिखर (जैन समाज) की चर्चा करते हुए आगे कहा कि झारखंड में तंत्र और लोक दोनों मजबूत हैं। झारखंड सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और किसी दवाब के आगेे नहीं झुकेगी। उन्होंने कहा कि राजनीति एक विषय हो सकता हैं। साथ ही उन्होंने अपने आपको सामाजिक कार्यकर्त्ता बताते हुए आगे कहा कि मानवीय दृष्टिकोण रखकर काम करने वाले अपने आप को भूल जाते हैं कि वो क्या हैं। उन्होंने कहा कि भामाशाह की संतान मारवाड़ी समाज के लोगों के रक्त, संस्कार और संस्कृति में सेवा भाव भरा हुआ हैं। इस समाज के लोग दूसरों को नया जीवन देना जानते है। मारवाड़ी समाज सामाजिक जीवन निभाते हुए अपना अधिकार भी पाना जानते हैं। मारवाड़ी समाज न किसी के आगे झुका हैं ना ही झुकेगा। बन्ना गुप्ता मारवाड़ी समाज के हर सुख दुःख में खड़़ा हैं और खड़़ा रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि काम करने वालों से ही गलती होती हैं। अपनी गलती मानकर माफी मांगने और दोबारा वही गलती न कर आगे सुधार करने वाले अच्छे शासक होते हैं। जबकि बतौर मुख्य अतिथि हॉर्टिकल्चर सोसायटी जमशेदपुर की चेयर पर्सन रूचि नरेंद्रन ने कहा कि टाटा की सोच को आगे बढ़ाते हुए जिम्मेदार नागरिक जिम्मेदार शहर का दायित्व निभाते हुए मारवाड़ी समाज नेक कार्य कर रहा हैं।





मारवाड़ी समाज द्धारा किए जा रहे रक्तदान और कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर कार्य की चर्चा करते हुए उन्होंने आगे कहा की मानव सेवा के माध्यम से नई जिंदगी देने का कार्य किया जा रहा हैं। इस दौरान उन्होंने हर संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि जमशेदपुर एक अच्छा शहर हैं। यहां के लोग भी अच्छे हैं और जब भी अच्छे कार्य के लिए उन्हें बुलाया जाएगा, वे प्रोत्साहन करने के लिए हमेशा साथ रहेंगी। उन्होंने कहा कि किसी की याद में नई उड़ान एवं आत्म सम्मान देने का काम मारवाड़ी समाज कर रहा हैं। समाजसेवा का कार्य हो या फिर बिजनेस महिलाओं को आगे आना चाहिए।