रांची।झारखंड के उत्तरी भाग में बुधवार को कई जगहों पर झमाझम बारिश हुई। झारखंड में कायम पूर्वी-पश्चिमी टर्फ लाइन के प्रभाव से पलामू,उत्तरी छोटानागपुर और संतालगपरनगा प्रमंडल के कई जिले में झमाझम बारिश हुई।मौसम पूर्वानुमान में गुरुवार को झारखंड में कुछ जगहों पर बादल गरज के साथ वज्रपात की संभावना है।
मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार टर्फ लाइन के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से अभी नम हवा का बहाव झारखंड की ओर हो रहा है। जिससे बरसने वाले बादल आसमान में बन रहे हैं।मौसम में नमी बढ़ने के साथ ही बुधवार को रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, मेदिनीनगर, चतरा, लातेहार, गढ़वा, पश्चिमी सिंहभूम, दुमका, जामताड़ा में कुछ जगह भारी से बहुत भारी और कई जगह पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई।इस दौरान बादल गरज और वज्रपात भी हुआ। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश रामगढ़ में 28.0 मिमी दर्ज हुई।
आंधी-बारिश से मौसम सुहाना
धनबाद में पिछले एक हफ्ते से भीषण गर्मी से कराह रहे लोगों को बारिश से दिलाई मिली,लेकिन शहर के कुछ खास इलाके में ही बारिश हुई।भूली, वासेपुर, बारामुड़ी, विशुनपुर इलाके में बूंदाबांदी हुईं,लेकिन एक हिस्से में हुई बारिश ने पूरे शहर का मौसम सुहाना कर दिया। बुधवार को दोपहर दो बजे आसमान में छाए बादल बरसने लगे। मेमको मोड़ से लेकर बिग बाजार इलाके तक जम कर बारिश हुई।लगभग आधे घंटे तक हुई बारिश से शहर के कुछ इलाके में जगह-जगह पानी भी भर गया।आंधी के कारण लुबी सर्कुलर रोड में पेड़ की एक डाल बीच सड़क पर टूट कर गिर पड़ी। इससे कुछ देर के लिए ट्रैफिक रुका रहा।ये स्थिति शहर के दूसरे इलाके में भी रही। वहां भी पेड़ की डाल गिरने से ट्रैफिक रुका रहा।बारिश से धनबाद का अधिकतम तापमान घट कर 35 डिग्री हो गया। गुरुवार को भी धनबाद का अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 25 डिग्री रहेगा।
32 प्रतिशत कम बारिश
धनबाद में मानसून की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 29 जून तक सामान्य से 32 प्रतिशत कम बारिश हुई है। जून में अब तक 133.8 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य वर्षापात 197.8 मिलीमीटर होना चाहिए था।





