रांची।झारखंड में झमाझम बारिश के साथ मानसून फिर से सक्रिय हो गया है।राजधानी रांची समेत कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है।पूरे राज्य में मानसून टर्फ का असर पर पड़ा है।इस बीच बंगाल की खाड़ी में भी निम्न दबाव वाला क्षेत्र बनने से राज्य में चार जुलाई तक बारिश होने की संभावना है।
पांच जिलों में आज तेज बारिश
मौसम विभाग ने एक जुलाई को भी संताल परगना सहित राजधानी रांची, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, जमशेदपुर में भारी बारिश की संभावना जताई है।कई जिलों में बारिश शुरू भी हो गयी है।अन्य इलाकों में हल्के और मध्यम दर्जे की बारिश होगी।मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा है कि मानसून के फिर सक्रिय होने से इन दिनों पूरे झारखंड में बारिश होगी। कई इलाकों में वज्रपात होने की संभावना है। 30 जून को सबसे अधिक धनबाद में 76.2 मिमी बारिश हुई है।
अब तक हुई कम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड में इस वर्ष अब तक अन्य वर्षों के मुकाबले कम बारिश हुई है।झारखंड में इस समय तक लगभग 189.5 मिमी बारिश हो जाती थी, लेकिन अब तक मात्र 95.7 मिमी तक ही बारिश हुई है। जुलाई और अगस्त में अच्छी बारिश की उम्मीद है।





