गुमला जिले के थाना क्षेत्र गुमला में बुधवार सुबह लगभग 10 बजे प्रतापपुर के रहने वाले सेवानिवृत फौजी 65 वर्षीय जयमन एक्का की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई।हत्यारे हत्या कर मौके से फरार हो गए।घटना संत इग्नासियुस हाई स्कूल के पीछे दीपनगर में हुई।ये रास्ता बहुत ही व्यस्त रहता है,लेकिन घटना के समय सड़क पर सन्नाटा था। हत्यारों को पहले से पता था कि किस समय दीपनगर की सड़क पर सन्नाटा रहता है और जहां पर घटना को आसानी से अंजाम दिया जा सकता है।हत्यारों ने इसका लाभ उठाते हुए हत्या की घटना को अंजाम दिया।
सड़क से गुजरने वाले एक व्यक्ति ने जब फौजी के शव को सड़क पर देखा तो उसने इसकी सूचना तुरंत गुमला पुलिस की दी।पुलिस के पहुंचने से पहले ही हत्या की जानकारी आसपास के लोगों को मिल गई और मौके पर भीड़ जुटने लगी।कुछ देर में मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।मौके से पुलिस फौजी की बाइक व गैस सिलेंडर को जब्त कर थाना ले गई है।परिजनों के मुताबिक जयमन एक्का अपनी मोटर साइकिल से गैस सिलिंडर भरवाने के लिए जा रहे थे। जयमन एक्का की रास्ते में ही धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई। हत्या किसने की इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।





