साहिबगंज।झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने
मंगलवार को जैप ग्राउंड में बड़ा ऐलान किया है।अब साहिबगंज में एयरपोर्ट का निर्माण होगा।इसके लिए सरकार ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।गंगा पुल और बंदरगाह का निर्माण होने के बाद एयरपोर्ट की विशेष जरूरत होगी।

सीएम हेमंत ने कहा कि संताल परगना के लिए 2500 करोड़ रुपए की लागत से मेगा ड्रिकिंग वाटर प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत साहिबगंज के चार ब्लॉक, गोड्डा के नौ ब्लॉक व दुमका के दो ब्लॉक यानी 15 स्थानों पर यहां से गंगा नदी से पाइप लाइन के माध्यम से जलापूर्ति की जाएगी। इनमें से चार योजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है। शेष 11 योजनाओं को शीघ्र मंजूरी दे दी जाएगी।

सीएम हेमंत ने कहा कि मसनजोड़ डैम में जिस क्षेत्र से होकर कैनाल बनना चाहिए था,इतने सालों के बाद भी नहीं बन सका। इस वजह से किसानों को इस डैम से आपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा था।

सीएम हेमंत ने एक और लिफ्ट योजना को मंजूरी दी है,ये कैनाल उसी रास्ते से होकर गुजरेगा, जिससे की किसानों को सिंचाई सुविधा का अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

सरकार का मुख्य फोकस स्वास्थ्य, शिक्षा के अलावा पलायन रोकना व रोजगार सृजन करना है। इसपर तेजी से काम चल रहा है। दलित, आदिवासी , पिछड़े व अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के सामाजिक, आर्थिक व शैक्षणिक पिछड़ेपन को दूर करने के लिए सरकार काम कर रही है। पांच साल में वर्तमान राज्य सरकार ऐसी लकीर खिंचेगी, जिसे मिटा पाना किसी के बस की बात नहीं होगी।

सीएम हेमंत सोरेन ने एक सवाल के जवाब में कहा कि ये साल झारखंड के लिए नियुक्ति वर्ष होगी। इसके लिए सभी विभागों को 31 अक्टूबर तक नियुक्ति नियमावली तैयार करने का निर्देश दिया गया है। एक दिन सिर्फ नियुक्ति नियमावली पर कैबिनेट की बैठक कर नियमावली को पारित कर दिया जाएगा। दिसम्बर तक सभी विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्ति की कार्रवाई शुरू कर देने का प्रयास है। जल्द ही अगली जेपीएसएसी परीक्षा की भी कार्रवाई शुरू हो जाएगी।

सीएम हेमंत ने कहा कि पिछली जेपीएससी पीटी परीक्षा में रिकार्ड चार लाख अभ्यर्थी शामिल हुए। पिछले सरकार में जो भी नियुक्ति हुई उसमें राज्य के मूलवासी-आदिवासियों को कोई फायदा नहीं हुआ।अधिकांश बाहर के लोग ही बहाल हुए। वर्तमान सरकार ऐसा नहीं होने देगी। पत्रकार सम्मेलन के मौके पर डीसी रामनिवास यादव, विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा मौजूद थे।