झारखंडियों के दर्द को कम करने के लिए ही अलग राज्य का गठन हुआ:नागेंद्र





पूर्व विधायक ने झारखंड में 80/20 नियोजन नीति बनाने की मांग की





प्रतिनिधि,बगोदर। 60/40 नियोजन नीति के खिलाफ प्रदेश भर के युवाओं में उबाल है। इसके खिलाफ प्रदेश भर में आंदोलन चल रहा है।छात्र संगठनों के द्वारा नियोजन नीति का जोरदार विरोध किया जा रहा है। बगोदर के पूर्व विधायक नागेंद्र महतो ने भी 60/40 नियोजन नीति का विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि झारखंड में 60/40 नहीं बल्कि यहां 80/20 नियोजन नीति बनाने की जरूरत है।उन्होंने सरकार से 80/20 नियोजन नीति बनाने की मांग की है। कहा है कि इसी नीति से झारखंडियों का कल्याण होगा एवं युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।





पूर्व विधायक नागेंद्र महतो ने कहा है कि झारखंड अलग राज्य निर्माण के लिए आंदोलन करने वालों को झारखंडियों के दर्द का पता है। झारखंडियों के दर्द को कम करने के लिए ही अलग राज्य का गठन हुआ, मगर अलग राज्य गठन के 22 साल बाद भी झारखंडियों के हित में नियोजन नीति नहीं बन पाया है। उन्होंने यह भी कहा है कि पूर्व की सरकारें नियोजन नीति बनाने में किसी कारण से असफल रही।इसका मतलब ये नहीं कि वर्तमान सरकार पूर्व सरकार की दुहाई देकर नियोजन नीति नहीं बनाने में दिलचस्पी नहीं लें।





पूर्व विधायक ने यह भी कहा है कि झारखंड के आंदोलनकारी और झारखंड अलग अलग राज्य के लिए झारखंड आंदोलनकारियों पर कई मुकदमा दर्ज किया गया था। झारखंड अलग राज्य के बाद 2006 में सभी आंदोलनकारियों पर दर्ज मामलो को सरकार के निर्देश पर वापस लिया गया।





उन्होंने आगे कहा कि झारखंडियों के हित के लिए खतियान आधारित नियोजन नीति व स्थानीय नीति बनाया जाए, तभी झारखंड के लोगों को झारखंड अलग राज्य लेने का लाभ मिलेगा। दूसरे राज्य जैसे छत्तीसगढ़, बंगाल के तौर पर यहां भी स्थानीय नीति बनाया जाए जिससे कि यहां के स्थानीय लोगों को लाभ मिल सकेगा।