वरीय संवाददाता,रांची।ट्रेड लाइसेंस बनाने अथवा रिन्यूअल के साथ ही होल्डिंग टैक्स की कठिनाइयों को देखते हुए बुधवार, दिनांक 20 दिसंबर 2023 को चेंबर भवन में शाम 4 बजे से कार्यशाला का आयोजन किया गया है। कार्यशाला में सूडा के अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित होकर व्यापारियों की समस्याओं को सुनेंगे और उनका निराकरण करेंगे। ट्रेड लाइसेंस और होल्डिंग की कठिनाइयों से परेशान सभी व्यापारियों को इस कार्यशाला में शामिल होने की अपील की गई है। कार्यशाला के सफल आयोजन हेतु चेंबर भवन में एक बैठक भी हुई।





सह सचिव अमित शर्मा ने कहा कि दस्तावेजों की कमी के कारण लाइसेंस के रिन्यूअल में हो रही कठिनाइयां नियमित रूप से हमारे संज्ञान में आ रही हैं। लाइसेंस रिन्यूअल के दौरान होल्डिंग की मांग करने से रेंट की दुकान पर व्यापार कर रहे व्यापारियों को कठिनाई होती है, जिसका समाधान जरूरी है। हमारा प्रयास होगा कि इस कार्यशाला के माध्यम से सभी कठिनाईयों का सरल रूप से समाधान सुनिश्चित कराया जाय।





सह सचिव शैलेष अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों की समस्या पर नियमित रूप से चेंबर द्वारा सूडा और निगम के अधिकारियों से वार्ता की जा रही थी। इस कार्यशाला का आयोजन हमारे इन्हीं प्रयासों की कड़ी है। केवल ट्रेड लाईसेंस और होल्डिंग टैक्स से जुडी समस्या पर ही इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है।ऐसे में व्यापारियों से आग्रह है कि इस कार्यशाला में शामिल होकर अपनी समस्या का निदान जरूर करायें।





चेंबर भवन में संपन्न हुई बैठक में सह सचिव अमित शर्मा, शैलेष अग्रवाल के अलावा कार्यकारिणी सदस्य संजय अखौरी और सदस्य जसविंदर सिंह उपस्थित थे।