प्रतिनिधि,पिपरवार (चतरा)। पिपरवार कोयलांचल क्षेत्र के निकट डकरा में सर्व ब्राह्मण महासभा की ओर से भगवान परशुराम की जयंती समारोह पूर्वक मनाई गई। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता खलारी पिपरवार कोयलांचल के सर्व ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष नवकुमार बनर्जी व संचालन अवधेश उपाध्याय और धन्यवाद ज्ञापन दिनेश पांडेय उर्फ घंटु ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्र के सभी मंदिरों के पुजारियों के द्वारा भगवान परशुराम के चित्र के समक्ष मंत्रोच्चारण कर और दीप जलाकर किया गया,जिसके बाद आए हुए लोगों ने भगवान परशुराम की पूजा अर्चना कर विप्र बंधुओं के द्वारा समाज को संगठित करने और संपूर्ण मानव जाति की सुख शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई।
भगवान परशुराम जयंती समारोह में खलारी, पिपरवार, मैक्लुस्कीगंज, डकरा, बुडमू, चान्हो से सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। इस कार्यक्रम के दौरान बच्चियों के द्वारा भजन संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छोटे-छोटे बच्चों के द्वारा एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई।
जयंती समारोह में एसके झा, सुजीत उपाध्याय, नवल किशोर दुबे, आभास त्रिपाठी, सतीश पांडेय, बीएन पांडेय, मुक्तिनाथ गिरी, बीके तिवारी, जितेंद्र नाथ पांडेय, रतन मिश्रा, गिरधर मिश्रा के द्वारा भगवान परशुराम के जीवनी पर प्रकाश डाला गया और भगवान विष्णु के छठे अवतार के रूप में भगवान परशुराम के पराक्रम के बारे में बताया और कहा कि भगवान परशुराम ने सृष्टि के सभी जाति धर्म के कल्याण के लिए काफी कार्य किया है। वहीं कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के सभी मंदिरों के पुजारी, वृद्ध महिला एवं पुरुषों, मेधावी छात्र छात्राओं, सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाली बच्चियां एवं अन्य अतिथियों को सम्मानित किया गया,जिसके बाद भंडारा का आयोजन किया गया,जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवकुमार बनर्जी ने कहा कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य ब्राह्मण समाज को एकजुट करने का है। समाज के जरूरतमंद लोगों को सहयोग करने, बच्चों में शिक्षा का अलख जगाने, समाज के साथ-साथ देश के विकास में योगदान देने का प्रयास किया जा रहा है,जिसमें सभी क्षेत्रों से काफी सहयोग मिला है।
इस मौके पर प्रमोद पाठक ,प्रमोद कुमार तिवारी, संतोष कुमार गिरी, एसके दुबे, गिरधर तिवारी, राजीव चटर्जी, राजीव मिश्रा, जशवंत पांडेय, अजीत पांडेय, अनिल पांडेय, सोनू पांडेय, विकास दुबे ,प्रशांत दुबे ,धीरेंद्र कुमार शर्मा, सोनू तिवारी, जितेंद्र गिरि, निकू पांडेय, सत्यनारायण चौबे, रंगनाथ चौबे, आशुतोष तिवारी, प्रदीप मिश्रा, राजू चौबे, गुड्डू गिरी, लक्ष्मण दुबे, प्रेम शंकर पांडे समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।





