प्रतिनिधि,जमशेदपुर। जुगसलाई थाना अंतर्गत फायरिंग और बागबेड़ा थाना अंतर्गत 4000 रुपए लूट मामले में दोनों थाना की पुलिस मिलकर बागबेड़ा प्रधान टोला निवासी डॉन अखिलेश सिंह के गुर्गे कन्हैया सिंह की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। मामला दर्ज होते ही दोनों थाने की पुलिस कन्हैया सिंह की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इस दौरान उसके घर पर संयुक्त रूप से पुलिस टीम ने छापेमारी भी की। मगर वह घर से फरार मिला। साथ ही परिजनों ने भी उसके बारे में कुछ नहीं बताया।





बताते चलें कि कन्हैया सिंह को बागबेड़ा थाना से फरवरी 2022 में फायरिंग करने के मामले में जेल भेजा गया था। जबकि इसी मामले में कन्हैया सिंह और रोनित गुप्ता द्वारा थाने में अलग-अलग मामला भी दर्ज कराया गया था। जिसमें दोनों पक्ष के 6 लोगों को पुलिस ने जेल भेज दिया था। वहीं कन्हैया सिंह को अमित राय हत्याकांड में अदालत में उम्रकैद की सजा भी सुनाई थी। उसे शहर की पुलिस ने पंजाब के संगरूर से जुलाई 2021 में गिरफ्तार किया था। साथ ही कई मामलों में वह 9 दिसंबर 2022 जमानत पर जेल से बाहर निकला था। सोनारी निवासी अमित राय हत्याकांड में कन्हैया सिंह को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। जिसमें वह झारखंड उच्च न्यायालय से अपील बेल पर बाहर आया था। अमित राय की हत्या सोनारी में गोली मारकर की गयी थी। जबकि सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भुइयांडीह में 30 अप्रैल 2020 को हुए गैंगवार में कन्हैया सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।