आगरा।राजस्थान के उदयपुर में कन्हैया लाल साहू की गयी हत्या को लेकर हिंदूवादी संगठनों में खासा आक्रोश है। उत्तर प्रदेश के ताजनगरी आगरा में बुधवार को अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कन्हैया लाल की हत्या के विरोध में कलक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया और हत्यारोपियों को फांसी देने की मांग की।संगठन ने हत्यारोपियों का सिर कलम करने वालों को दो लाख रुपए इनाम देने का ऐलान किया।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ,विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया।
ताजनगरी में बुधवार दोपहर अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट के अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया।संगठन के पदाधिकारी ने ज्ञापन देकर हत्यारोपियों को फांसी देने की मांग की।
संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट ने ऐलान किया कि कन्हैया लाल की नृशंस हत्या करने वालों का जो सिर काटेगा, उसे अखिल भारत हिंदू महासभा दो लाख रुपए का इनाम देगी। संगठन के लोगों ने राजस्थान सरकार को बर्खास्त करने की मांग भी उठाई।
नामनेर स्थित बजरंग दल कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने हत्यारों का पुतला फूंकने की कोशिश की,लेकिन स्थानीय पुलिस को पुतला फूंकने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हिंदूवादियों से पुतला छीन लिया। इस दौरान हिंदूवादियों की पुलिस से नोंकझोक भी हुई।प्रदर्शन को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई।जानकारी होने पर सीओ सदर अर्चना सिंह खुद मौके पर पहुंची। हिंदूवादी नेताओं ने कहा कि इस तरीके की घटना से जहां माहौल खराब होता है, तो वहीं हत्यारोपियों ने प्रधानमंत्री के लिए भी अभद्र टिप्पणी की है,जो कतई बर्दाश्त नहीं होगी।
आपको बता दें कि राजस्थान के उदयपुर में कन्हैया लाल साहू ने भारतीय जनता पार्टी की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा के बयान के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई थी।मंगलवार को दिन में दो युवकों ने कन्हैया लाल की निर्मम हत्या कर दी थी।हत्या करने के बाद आरोपियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो भी डाला था।पूरे देश में इस हत्याकांड की कड़ी निंदा हो रही है।हिंदूवादी संगठन प्रदर्शन कर आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रहे हैं।





