प्रतिनिधि,गिरिडीह। जिले की अहिल्यापुर और बेंगाबाद पुलिस ने अंतर जिला वाहन चोर गिरोह के चार अपराधियों को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की।
शुक्रवार को बरवाडीह पुलिस लाइन में एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपराध नियंत्रण एवं वाहन चेकिंग के दौरान अहिल्यापुर थाना पुलिस द्वारा पर्वतपुर में तीन अपराधियों को चोरी के मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया है। गिरफ्तार आरोपी में इम्तियाज, मुन्ना प्रसाद वर्मा, इबरार अंसारी शामिल हैं। वहीं एक अन्य आरोपी बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चक्रदाहा से दिनेश सिंह को पकड़ा गया। अपराधियों के पास से पुलिस ने चोरी के कुल पांच बाइक और पांच मोटर पंप समेत चोरी में प्रयोग किए जाने वाले सामानों को जब्त किया।
एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा छापेमारी के क्रम में दिनेश सिंह के घर से चोरी के चार मोटर पम्प एवं तीन मोटरसाइकिल बरामद किया गया।बताया कि संगठित तरीके से सभी अभियुक्त वाहन चोरी की घटना को अंजाम देते थे।तीनों अपराधियों द्वारा कई जिलों में घटना को अंजाम दिया जा चुका है।वहीं उस सामान को दिनेश सिंह के घर पर अलग अलग कर बेचा जाता था। कहा कि कांड में सम्मिलित अन्य अपराधियों की तलाशी पुलिस द्वारा की जा रही है।





