प्रतिनिधि,चतरा। चतरा जिला पुलिस बल में फर्जी प्रमाणपत्र के सहारे तीन वर्ष तक नौकरी करके सरकारी पैसे पर डाका डालने वाले बिहार राज्य के बेलागंज थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव के रामु कुमार नाम के शख्स को छः वर्ष के बाद चतरा पुलिस ने बुधवार की देर शाम गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक वर्ष 2012 में रामु कुमार ने फर्जी आवासीय प्रमाणपत्र बनाकर पुलिस बल में ज्वाइनिंग ली। 2014 तक उसने जिले के सिमरिया, वशिष्ठ नगर व हंटरगंज थाना क्षेत्रों में पुलिस की ड्यूटी निभाई। गुप्त सूचना के आधार पर जब उसके प्रमाणपत्रों की जांच की गई तो उसका आवासीय प्रमाणपत्र जाली पाया गया। वरीय अधिकारी की अनुशंसा पर उक्त फर्जी पुलिस जवान को बर्खास्त कर दिया गया। तत्कालीन एसपी के निर्देश पर मेजर राजकिशोर सिंह के बयान पर सदर थाना कांड संख्या 283/17 व भादवि की धारा 467/468/471/420(34) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामला दर्ज होते ही अभियुक्त रामु कुमार फरार हो गया। इस बीच पुलिस की अनुसंधान जारी रही। चतरा के तेजतर्रार व युवा पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के कुशल नेतृत्व का परिणाम रहा कि सदर थाना में पदस्थापित अनुसंधानकर्ता एसआई प्रकाश सेठ ने फर्जी पुलिस कर्मी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। समाचार लिखे जाने तक गिरफ्तार फर्जी पुलिस कर्मी को जेल भेजने की कार्यवाई की जा रही थी।





