रांची।झारखंड में 24 घंटे से हो रही बारिश ने राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में तबाही मचाई।बारिश से लगभग सभी नदियां उफान मार रही हैं।इस दौरान डॉक्टर और बैंकर्स समेत सात लोग पानी में बह गए।पानी में बहने वालों में पांच रांची के हैं।इनमे से दो लोगों का शव बरामद कर लिया गया है।दो लोग गुमला में भी बह गए हैं।तेज हवा के कारण रांची में डेढ़ दर्जन समेत राज्य में 150 से अधिक घर जमींदोज हो गए। सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए। अकेले दर्जनों पेड़ रांची में गिरे, जिससे यातायात पर प्रतिकूल असर पड़ा।
उफनाईं नदियां
बारिश की वजह से राज्य की अधिकतर नदियां उफान पर है। चांडिल डैम के सात रेडियल गेट एक-एक मीटर खोल दिए गए हैं। इससे जमशेदपुर के निचले इलाकों में पानी फैल गया है। इसे देख इन इलाकों को खाली करने की मुनादी कराई गई है। खरकाई नदी का जलस्तर खतरे के निशान से छह मीटर ऊपर बह रहा है। पानी के बढ़ते दबाव के कारण तेनुघाट डैम के तीन मेन गेट खोल दिए गए हैं।
राज्य में 58 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक चाईबासा में 191.6 मिमी बारिश हुई। रामगढ़ में 142.2 व जमशेदपुर में 137.2 मिमी बारिश हुई। राज्य में एक जून से अब तक 494.3 मिमी बारिश हुई जबकि बीते 24 घंटों में 58.0 मिमी वर्षा हुई।
कोयला उत्पादन भी हुआ प्रभावित
बारिश के कारण कोयला उत्पादन पर खासा असर पड़ा है। खलारी, पिपरवार समेत धनबाद इलाके में कोयले का उत्पादन 50 फीसदी तक गिर गया।
रांची से आठ विमानों की उड़ान रद्द, पांच डायवर्ट
तेज बारिश से विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। खराब मौसम के चलते सुबह से किसी भी एयरलाइंस का विमान रांची नहीं उतर पाया। इंडिगो ने अपनी आठ फ्लाइट रद्द कर दी। इनमें मुंबई, अहमदाबाद, पटना, दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु एवं पुणे की फ्लाइट शामिल है। इसके अलावा पांच विमानों को डायवर्ट किया गया।
रांची में 12 घंटे से ज्यादा देर तक बिजली रही गुल
भारी बारिश और तेज हवा के कारण कई जगह बिजली के पोल और पेड़ गिर गए। इस कारण लगभग पूरे राज्य में 10 से 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। रांची शहर में 12 घंटे से ज्यादा तक बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली नहीं रहने के कारण आमलोगों को बारिश में भी पानी के लिए तरसना पड़ा।
डॉक्टर और बैंकर्स समेत रांची के 5 लोग बाढ़ में बहे
डॉक्टर और बैंकर्स समेत रांची के पांच लोग रामगढ़ के बासल इलाके में नलकारी नदी की तेज धार में दो कार के साथ बह गए। दो लोगों का शव पतरातू इलाके से बरामद किया गया। अन्य लोग का कोई सुराग नहीं मिला है। रांची के मिसिर गोंदा निवासी स्नेह स्मृति भाई विवेक और गांधी नगर निवासी मित्र डॉ देवाशीष संग पिकनिक मनाने निकले। उनके साथ गांधीनगर का ही सुमित व समीर भी हो लिए। स्नेह जमशेदपुर में सहायक बैंक प्रबंधक थी देवाशीष रिम्स के छात्र रह चुके हैं।





