प्रतिनिधि,गिरिडीह। जिले में हुए कई हत्याकांड से जुड़े मामलों का उद्भेदन करने में एक ओर गिरिडीह पुलिस नाकाम रही है। वहीं जिले में एक के बाद एक कई हत्याएं की घटना हो रही है। रविवार को भी गिरिडीह के धनवार थाना क्षेत्र के धनवार निवासी राजा साहब के दो मंजिला घर के दरबान सीताराम यादव का शव घर के बाथरूम में संदेहास्पद स्थिति में पड़ा मिला। मृतक धनवार थाना इलाके के टुंकलवी गांव के रहने वाले भुनेश्वर यादव का बेटा था। वह कई महीनो से धनवार के राजा साहब के घर पर दरबानी का काम कर रहा था। इसी क्रम में रविवार की सुबह उसका शव घर के बाथरूम में पड़ा मिला।
इधर दरबान का शव घर के बाथरूम में मिलने की सूचना पर धनवार थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेने के बाद मामले की जांच में जुट गई। वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और धनवार थाना पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सड़क जाम का नेतृत्व कर रहे माले नेता विनय संथालिया ने पुलिस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पिछले कई महीनो से जिले में हर कुछ दिनों में हत्या की घटनाए हो रही है, लेकिन पुलिस मामले का खुलासा तक नही कर पाती है। वहीं मृतक के पिता भुनेश्वर यादव ने बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले में सही तरीके से जांच करने की मांग की।





