दुमका।झारखंड के दुमका में जलाकर मार दी गई अंकिता सिंह के जांच को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है।मामले की जांच से दुमका के एसडीपीओ नूरू मुस्तफा को हटा दिया गया है।एसडीपीओ नूर मुस्तफा पर अंकिता सिंह के कातिल शाहरुख से पक्षपात और उसे बचाने की कोशिश का आरोप लग रहा था।नूर मुस्तफा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है,जैसाकि भाजपा मांग कर रही थी।





एसपी अंबर लकड़ा ने कहा कि एसडीपीओ नूर मुस्तफा को मामले की निगरानी से हटा दिया गया है। उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। अब मामले की जांच निरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारी करेंगे, जिसकी निगरानी एसपी स्तर के अधिकारी करेंगे।





इससे पहले बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने अंकिता को नाबालिग बताते हुए पोक्सो कानून के तहत केस दर्ज करने को कहा है। समिति ने कहा कि छात्रा की 10वीं के मार्कशीट के मुताबिक उसकी उम्र 16 साल के आसपास थी और वह बालिग नहीं थी जैसा कि पुलिस ने दावा किया। आरोप था कि एसडीपीओ नूर मुस्तफा ने अंकिता को बालिग बताया था।





पीड़ित परिवार के घर की बढ़ी सुरक्षा





बताते चलें कि दुमका में पीड़ित परिवार के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है।शहर में धारा 144 अभी भी लागू है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घर के बाहर पुलिस कर्मियों की तैनाती है।बीते 23 अगस्त को घटी इस विभत्स घटना के बाद परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस कर्मियों की तैनाती की है।





भाजपा नेता बाबुलाल मरांडी ने एसडीपीओ पर उठाये थे सवाल





भाजपा नेता बाबुलाल मरांडी ने दुमका हत्याकांड मामले में वहां के एसडीपीओ पर सवाल खड़े किए थे।उन्होंने मीडिया में आई खबरों का हवाला देते हुए सोमवार को ट्वीट किया था। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा कि दुमका में अंकिता को जलाए जाने के मामले में वहां के डीएसपी नूर मुस्तफा ने शुरू से ही अभियुक्त शाहरुख हुसैन को बचाने का प्रयास किया।डीएसपी ने दर्ज एफआईआर में नाबालिग की जगह बालिग़ लिखवा दिए जाने की बात आ रही है।





23 अगस्त को घटी थी घटना





एकतरफा प्यार में शाहरूख हुसैन ने 23 अगस्त 2022 को अंकिता सिंह पर पेट्रोल छिड़कर उसके ही घर में ही जला दिया था।बेहद गंभीर हालत में अंकिता को दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए अंकिता को राजधानी रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया था।जहां इलाज के दौरान रविवार की देर रात अंकिता की मौत हो गयी।