पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।जेएससीआई के स्टेडियम में बने रैकेट्स कैम्पस में आयोजित दो दिवसीय मीडिया कप बैडमिंटन टूर्नामेंट का समापन रविवार को हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन के हुए मैच में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी स्वामी देवेंद्र प्रकाश और रांची प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंह ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया।वहीं फाइनल मैच के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में समाजसेवी अजय नाथ शाहदेव उपस्थित थे।दूसरे दिन फाइनल मैच में वरिष्ठ पत्रकार विनय कुमार द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया।
कड़े एकल मुकाबले के फाइनल मैच में आदिल हसन ने लगातार दो मैच जीत कर अभिषेक सिन्हा को शिकस्त दी और ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमा लिया।वहीं डबल्स के संघर्षपूर्ण मैच में आदिल हसन और आनंद मोहन की जोड़ी ने अभिषेक सिन्हा और मोनू कुमार की जोड़ी को दो एक से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।फाइनल मैच के सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि अजय नाथ शाहदेव ने ट्रॉफी और विनय वर्मा ने ईयर बड्स दे कर पुरस्कृत किया। साथ ही सभी रनर अप को भी पुरस्कार के रूप में ईयर बड्स दिए गए।
अपने सम्बोधन में अजय नाथ शाहदेव ने प्रेस क्लब को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल से तन-मन स्वस्थ्य रहता है।इसलिए अपने जीवन में सभी लोगों को एक खेल जरूर शामिल रखना चाहिए।खिलाड़ियों का हौसला अफ़जाई करते हुए वरिष्ठ पत्रकार विनय कुमार ने कहा कि रांची प्रेस क्लब के द्वारा शुरू की गई यह परम्परा कायम रहे।प्रेस क्लब के अध्यक्ष ने सफल आयोजन में अपनी भूमिका निभाने के लिए कमेटी और सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और उन्हें शुभकामनाएं दी।
टूर्नामेंट को सफल बनाने में क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र लाल सोरेन,सचिव अमरकान्त,कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह,सह सचिव रतनलाल,स्पोर्ट्स कमेटी के कन्वेनर मोनू कुमार,कार्यसमिति सदस्य आलोक सिन्हा,विजय मिश्र,आरजे अरविन्द,चन्दन भट्टाचार्य,संजय सुमन,सौरभ शुक्ला सहित सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।





