देवघर।श्रावणी मेला का उद्घाटन आज बुधवार को झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने किया।कोराना संक्रमण के कारण दो साल बाद एक बार फिर बाबा नगरी गुरुवार से बोल बम के जयकारे से गूजेगी।इस बार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा की खास व्यवस्था की गयी है।दो साल बाद श्रावणी मेला होने के कारण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने वाली है।इसको लेकर देवघर जिला प्रशासन की तैयारी लगभग पूरी हो गयी है।इस बार बाबा नगरी आकर्षक रूप में नजर आएगी।





कृषि मंत्री बादल पत्रलेख सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने श्रावणी मेले का किया उद्घाटन





बुधवार को बिहार -झारखंड के प्रवेश दुम्मा में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रावणी मेला 2022 का उद्घाटन कृषि मंत्री बादल पत्रलेख और गोड्डा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने किया।इस दौरान पंडितों ने वैदिक मंत्र उच्चारण किया और फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।





श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बढ़ने की संभावना





इस मौके पर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि दो साल बाद आयोजन होने से इस इस बार श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ बढ़ने की संभावना है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देवघर और बासुकीनाथ में श्रावणी मेला में बेहतर से बेहतर व्यवस्था करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की है।स्थानीय अधिकारियों से तैयारियों का जायजा लेते रहे हैं। श्रावणी मेला के सफल संचालन में सरकार के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी, कर्मी, जनप्रतिनिधि, देवघर वासी और भक्तों का सहयोग आवश्यक है।





श्रावणी मेला पूरी तरह से होगा सफल





कृषि मंत्री ने कहा कि मेला के सफल संचालन में सहयोग करते हुए बाबा बैजनाथ के चरणों में सेवा को समर्पित करना सबका उद्देश्य है।वैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ में श्रावणी मेला में बेहतर व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु बेफिक्र होकर देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ का दर्शन कर सकते हैं।जब भी ऐसे आयोजन होते हैं तो हम सब मिलकर सेवा करते हैं।देवघर के सम्मान में सभी लोग एकजुट हो जाते हैं।बगैर किसी राजनीतिक भेदभाव के सभी अपने कर्तव्य निभाते हुए इस श्रावणी मेला को सफल बनाने में एकजुट रहना हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भी श्रावणी मेला पूरी तरह से सफल होगा।बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद हम सभी को प्राप्त होगा।कृषि मंत्री बादल ने सांसद डॉ निशिकांत दुबे के सुझाव को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की बात कही।





बाबा बैद्यनाथ के नाम पर कोई राजनीति नहीं करता : डॉ निशिकांत दुबे





उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने कहा कि मैं बाबा बैद्यनाथ के नाम पर कोई राजनीति नहीं करता हूं।मैं जब से सांसद बना हूं तब से श्रावणी मेले के उद्घाटन में भाग लेता रहा हूं।पिछले ढाई वर्षों में एक भी सरकारी कार्यक्रमों में भाग नहीं लिया,लेकिन श्रावणी मेला और बाबा बैद्यनाथ उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने श्रावणी मेला की तैयारी दिन-रात एक की है।जिला प्रशासन ने व्यवस्था में कोई कमी नहीं की है,लेकिन राज्य सरकार को श्रावणी मेला की व्यवस्था और भी बेहतर करने के लिए नीतिगत निर्णय लेने होंगे।





श्रावणी मेले की जिला प्रशासन ने की व्यवस्था





मुख्यमंत्री श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष होते हैं,लेकिन पिछले ढाई वर्षो से मुख्यमंत्री ने श्राइन बोर्ड की बैठक नहीं की है।देवघर में क्यू काम्प्लेक्स का काम अब तक अधूरा है।मेला क्षेत्र में सुविधा कैसे बेहतर होनी चाहिए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देवघर में कहा था कि काशी विश्वनाथ, अयोध्या और केदारनाथ की तरह देवघर में सुविधा बढ़ने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होगी।देवघर में कैसे सुविधा बढ़ाई जाए इस पर मिल-बैठकर निर्णय लेने की जरूरत है, लेकिन देवघर और बासुकीनाथ के विकास के लिए श्राइन बोर्ड की एक भी बैठक नहीं हुई है।इसके बावजूद जिला प्रशासन द्वारा श्रावणी मेला की व्यवस्था बेहतर की है।





बाबा नगरी में आपका स्वागत है





कांवरियों का बाबा बैद्यनाथ की नगरी में स्वागत है।सांसद डॉ दुबे ने कहा कि श्रद्धालु निश्चिंत होकर बाबा बैद्यनाथ नगरी में पूजा अर्चना करने आ सकते हैं।अपने संबोधन के दौरान सांसद ने 12 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में को सफल बनाने के लिए देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री समेत डीआईजी सुदर्शन मंडल और एसपी सुभाष चंद्र जाट को विशेष तौर पर धन्यवाद दिया।उन्होंने कहा कि डीआईजी और एसपी ने जिस तरह से सुरक्षा व्यवस्था दी थी यह पूरी मिसाल है।