रांची।धनबाद जज उत्तम आनंद की मौत की जांच कर रही सीबीआई की प्रगति रिपोर्ट पर झारखंड हाईकोर्ट ने अंसतोष जताते हुए कहा कि इसमें कुछ भी नया नहीं है। पिछली बार जो बातें कही गयी थी वही बाते दोहरायी गयी है। चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन और जस्टिस गौतम कुमार चौधरी की अदालत ने सीबीआई को 21 अक्तूबर को प्रगति रिपोर्ट पेश करते हुए विस्तृत जानकारी देने का निर्देश दिया। इस मामले में राज्य सरकार की ओर से गठित एसआईटी को भी अदालत ने रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।
शुक्रवार को मामले की सुनवाई के दौरान सीबीआई की ओर से बताया गया कि इस मामले में कुछ और लोगों की संलिप्त होने की आंशका है। ऐसे लोगों से पूछताछ की जा रही है। कुछ लोगों का इस घटना से संबद्ध होने की आशंका है , लेकिन अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। इस पर अदालत ने कहा कि पिछली बार भी सीबीआई ने कहा था कि इस मामले में कुछ सुराग मिले हैं और पूछताछ हो रही है। इस बार भी यही बात कही जा रही है। अदालत ने मामले की सुनवाई 21 अक्तूबर को निर्धारित करते हुए सीबीआई और राज्य सरकार की एसआईटी को विस्तृत रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया।





