लखनऊ।यूपी में का बा गाना गाने वाली गायिका नेहा सिंह राठौर ने नया एक गाना रिलीज किया है।इस गाने में नेहा ने बेरोजगारी का मुद्दा उठाया है।गाने में नेहा कहती हैं कि बेरोजगार बानी साहेब रोजगार मांगिला,नेहा ने लिखा कि अगर सरकार जरूरी समझे तो इस गाने के लिए भी उन्हें नोटिस भेज सकती है।





बताते चलें कि बीते मंगलवार को यूपी पुलिस ने नेहा सिंह राठौर को एक नोटिस थमाया है। पुलिस ने यह नोटिस कानपुर देहात में हुए अग्निकांड को मुद्दा बनाते हुए गाए गए गाने को लेकर भेजा गया था। पुलिस का कहना था कि नेहा ने का बा सीजन-2 वीडियो के जरिए समाज में तनाव और वैमनस्य फैलाने का काम किया है।नोटिस का जवाब तीन दिन के भीतर देने के लिए कहा गया है।हालांकि नोटिस का जवाब देने से पहले नेहा सिंह राठौर ने आज अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नया गाना शेयर किया है। इसमें नेहा ने बेरोजगार बानी साहेब रोजगार मांगिला, भीख नाही हक सरकार मांगिला. दो करोड़ नौकरी देवे का रहे वादा, कहत रहे रोजगार मिली जादा. नून-तेल पईसा ना उधार चाही ला, बेरोजगार बानी साहेब रोजगार मांगिला गा रही हैं।





वीडियो शेयर करते हुए नेहा सिंह राठौर ने लिखा कि अपने इस गीत से मैं बेरोजगार युवाओं को रोजगार की मांग करने के लिए उकसा रही हूं। इससे समाज की शांति भंग हो सकती है, युवा उपद्रव कर सकते हैं।सरकार अगर जरूरी समझे तो इस गीत के लिए भी मुझे नोटिस भेज दे।





कुछ ही घंटे में नेहा के इस वीडियो को ट्विटर पर 50 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है। सैकड़ों यूजर्स ने इस पर प्रतिक्रिया दी है।शेफाली तोमर नाम की एक यूजर लिखती हैं कि एक नागरिक को पूरा हक है सरकार की आलोचना करने का वहीं, मुकेश तिवारी नाम के यूजर लिखते हैं कि सारे रोजगार एक ही सरकार देती है क्या।





बता दें कि हाल ही में कानपुर देहात में रूरा थाना क्षेत्र के चाहला गांव में एक मां-बेटी की जलकर मौत हो गई थी।इस मामले में नेहा सिंह राठौर ने यूपी में का बा सीजन 2 गाया था। गाने के बोल थे- यूपी में का बा, बाबा की डीएम तो बड़ी रंगबाज बा, कानपुर देहात में ले आई राम राज बा, बुलडोजर से रौंदत दीक्षित के घर बार बा, यही बुलडोजर पर बाबा के नाज बा