लखनऊ।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ आज शनिवार नए साल के स्वागत के जश्न में सराबोर होगी।नवाबों के शहर लखनऊ में कार्यक्रमों में भारी भीड़ की आशंका के मद्देनजर पुलिस के साथ-साथ अस्पतालों और नगर निगम के कर्मचारियों को शनिवार, रविवार को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। 100 से ज्यादा जगहों पर 8000 पुलिसकर्मी और पीएसी की 16 कंपनी की तैनाती रहेगी।हुड़दंग करने वालों से निपटने के लिए पुलिस हर चौराहे पर पुलिस मौजूद रहेगी। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने शुक्रवार देर रात जारी आदेश में इसकी जानकारी दी।
जेसीपी कानून व्यवस्था पीयूष मोर्डिया के मुताबिक अस्पतालों में आकस्मिक स्थिति में बेड खाली करने, नगर निगम के कर्मचारियों को जाम और हादसों में सहयोग के लिए क्रेन व अन्य वाहनों की जरूरत के लिए सतर्क कर दिया गया है।
जेसीपी कानून व्यवस्था ने नए साल के जश्न के दौरान अराजकता और हादसों से निपटने के लिए पिंक बूथ और पिंक पेट्रोल(पुलिस पेट्रोलिंग) पर तैनात कर्मचारियों को शाम सात बजे से रात 2 बजे तक अलर्ट कर दिया है।कहा गया है कि पिंक बूथ, पिंक स्कूटी, पिंक टीयूवी, पिंक पैंथर में तैनात कर्मचारियों को ड्यूटी की जानकारी संबंधित अधिकारी जरूर दे दें।जिससे ये समय से ड्यूटी स्थल पहुंच सकें। सभी पुलिस उपायुक्त जोन से कार्यालय में एक कर्मचारी को टेलीफोन ड्यूटी पर लगाने को कहा है। इससे पुलिसकर्मियों से ड्यूटी स्थल पर उपस्थिति की जानकारी ली जा सके।
नए साल पर होने वाली पार्टियों के बाद शराब के नशे में तेज गति से वाहन चलाने से होने वाले हादसों और जाम से निपटने के लिए जेसीबी, हाईड्रा, क्रेन की तत्काल व्यवस्था करनी होगी।नगर निगम के कर्मचारी नए साल के पहले दिन रविवार को विशेष रूप से सक्रिय रहेंगे।रविवार को जेसीबी की सेवा बंद नहीं की जाएगी। नगर आयुक्त को भेजे गए पत्र में कहा गया कि इस सेवा को बहाल रखें। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दें दे।
जेसीपी कानून व्यवस्था ने सीएमओ को भेजे पत्र में निर्देश दिया कि हादसों में घायलों को तुरंत इलाज मिले, इसके लिए सभी अस्पतालों में शनिवार से रविवार रात तक इमरजेंसी व्यवस्था लागू रखें। कुछ बेड खाली रखे जाएं।घायलों के इलाज के लिए जीवन रक्षक दवाएं, उपकरण व सामग्री उपलब्ध रखें।शनिवार से रविवार देर रात तक पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस की व्यवस्था की जाए। चालक का नाम और मोबाइल नंबर रिसेप्शन पर दर्ज रहे।अस्पतालों में उपलब्ध बेडों की संख्या, जीवन रक्षक उपकरण व एंबुलेंस की उपलब्धता व ड्यूटी पर तैनात चिकित्साधिकारियों का नाम व मोबाइल नंबर जेसीपी कार्यालय में शनिवार सुबह उपलब्ध करा दिए जाएं।





