प्रतिनिधि,चतरा। जिले में सक्रिय अवैध शराब कारोबारियों के विरूद्ध चतरा पुलिस ने बड़ी कार्यवाई की है। एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर राजपुर पुलिस ने थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृव में क्षेत्र में कार्रवाई कर नकली शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में झारखंड-बिहार बॉर्डर पर स्थित जंगली इलाके में संचालित अवैध नकली शराब फैक्ट्री का खुलासा करते हुए संलिप्त शराब कारोबारी अभिषेक कुमार को धर दबोचा है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि क्षेत्र के बसरिया टोला गांव निवासी अभिषेक कुमार के घर पर अवैध नकली मिनी शराब फैक्ट्री के संचालन की सूचना मिली थी। सूचना के आलोक में स्पेशल टीम का गठन कर कार्रवाई की गई तथा मौके से अवैध नकली जहरीली शराब बना रही मिनी शराब फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि संचालक अभिषेक कुमार के घर से अवैध मिनी विदेशी शराब फैक्ट्री संचालन में प्रयुक्त सामान के अलावा 40 लीटर कच्चा स्प्रिट, विभिन्न कंपनी का 449 खाली विदेशी शराब का बोतल, विभिन्न विदेशी शराब कंपनी का 260 बोतल का ढक्कन और चार किलो विदेशी शराब बनाने में प्रयोग किये जाने वाला रंग बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि शराब माफियाओं और तस्करों के विरुद्ध पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा। अभियान में राजपुर थाना के एएसआई समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।





