प्रतिनिधि,लातेहार। लातेहार जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर अपनी धमक दिखाई है।जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चुटिया गांव के पास निर्माणाधीन पुल के साइडिंग पर सोमवार की रात करीब आठ बजे भाकपा माओवादी ने अपनी धमक दिखाते हुए वहां पर मौजूद मजदूरों के साथ मारपीट की। इस दौरान नक्सलियों ने पुल निर्माण में लगे कंप्रेशन मशीन को भी आग के हवाले कर दिया। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मजदूरों से जानकारी ली।घटना के बाद पुलिस के द्वारा इलाके में छापामारी अभियान भी तेज कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार माओवादी कमांडर छोटू खरवार के नेतृत्व में हथियारबंद नक्सली पुल निर्माण स्थल पर पहुंचे थे। माओवादियों ने सबसे पहले वहां उपस्थित मजदूरों को बंधक बनाया और उनके साथ जमकर मारपीट की।उसके बाद निर्माण स्थल पर खड़े कंप्रेशन मशीन को जला दिया। नक्सलियों ने कार्यस्थल पर उपस्थित मजदूरों को धमकी दिया कि काम बंद रखना है। यदि फिर से काम चालू किया गया तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। काफी देर तक नक्सली घटनास्थल पर जमे रहे उसके बाद मजदूरों को धमकी देकर जंगल की ओर चले गए।बाद में मजदूरों ने इसकी सूचना संबंधित ठेकेदार को दी। इसके बाद ठेकेदार के द्वारा मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद मंगलवार की सुबह थाना प्रभारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी ली। घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने कहा है कि नक्सली कमांडर छोटू खरवार के द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है। घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए इलाके को सील कर छापामारी की जा रही है।





