रांची।झारखंड की निलंबित आईएएस पूजा सिंघल ने जमानत के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की विशेष न्यायाधीश की अदालत में आवेदन दाखिल किया है़। आवेदन पूजा सिंघल के अधिवक्ता विश्वजीत मुखर्जी के माध्यम से दाखिल किया गया है। मुखर्जी ने बताया कि जमानत याचिका पर मंगलवार को ईडी की विशेष अदालत में सुनवाई होगी।
ईडी कोर्ट में दाखिल नहीं हुई है चार्जशीट
झारखंड की निलंबित आईएएस पूजा सिंघल से जुड़े मामले में ईडी ने अब तक विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल नहीं की है। इस महीने के अंत तक ईडी चार्जशीट दाखिल कर सकती है़। बीते माह 11 मई को पूजा सिंघल को ईडी के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था।ईडी ने पूजा सिंघल को तीन बार रिमांड पर लिया था़।इसके बाद पूजा सिंघल को 25 मई को जेल भेज दिया गया था।
जमानत पर आज होगी सुनवाई
आपको बता दें कि इस दौरान दो बार आठ जून तथा 22 जून को पूजा सिंघल की हिरासत अवधि बढ़ायी गयी। अगली सुनवाई पांच जुलाई को निर्धारित है।इसके पहले पूजा सिंघल ने जमानत याचिका दाखिल कर दी है़। पूजा सिंघल के सीए सुमन कुमार सिंह को भी पांच मई को गिरफ्तार किया गया था़।सीए सुमन कुमार सिंह पूजा सिंघल के साथ जेल में बंद हैं।
जानें मनरेगा घोटाले से ईडी के शिकंजे तक का सफर
वर्ष 2008-09 और 2009-10 में खूंटी में मनरेगा घोटाला हुआ था।
पूजा सिंघल 16 फरवरी 2009 से 19 जुलाई 2010 तक खूंटी की डीसी थी।
पूजा सिंघल ने इंजीनियर को मनरेगा के लिए 18.06 करोड़ अग्रिम दिए थे।
बिना काम किए पैसों की निकासी के बाद वर्ष 2011 में खूंटी और अड़की थाने में इंजीनियर राम विनोद सिन्हा और आरके जैन के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था।
जुलाई 2011 में संबंधित मामला निगरानी में दर्ज हुआ था।
18 मई 2012 को ईडी ने मनरेगा घोटाले में प्राथमिकी दर्ज की थी।
28 नवंबर 2018 को इंजीनियर ने मनरेगा में 20 फीसदी कमीशन देने की बात स्वीकारी।
6 मई 2022 को ईडी ने पूजा सिंघल सहित अन्य लोगों के ठिकानों पर छापा मारा।
7 मई 2022 को सीए सुमन कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया।
8 मई 2022 को ईडी ने पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा से पूछताछ की।
-10 मई 2022 को पूजा सिंघल से ईडी ने पूछताछ की।
11 मई 2022 को पूजा सिंघल को गिरफ्तार कर लिया गया।
12 मई 2022 को पूजा सिंघल को सस्पेंड कर दिया गया।





