प्रतिनिधि,चतरा। राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय चतरा में हर्ष जोहार पाठ्यचर्या के अंतर्गत जिला शिक्षा अधीक्षक एवं एडीपीओ द्वारा जिला के नौ केजीबीवी एवं तीन उत्कृष्ट विद्यालयों में हर्ष जोहार पाठ्यक्रम का पुस्तक वितरण किया गया। इस पाठ्यक्रम से आने वाले एक वर्ष में सभी आदर्श विद्यालयों को भी जोड़ा जाएगा,जिससे दस हज़ार से भी ज़्यादा बच्चे इस कार्यक्रम के तहत चतरा जिले में प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।
समारोह में उपस्थित जिला शिक्षा अधीक्षक अभिषेक बड़ाईक ने बताया कि हर्ष जोहार को गहराई से अनुपालन करने की आवश्यकता है। वहीं एडीपीओ मनोज सिंह ने अपनी बात को साझा करते हुए बताया कि हर्ष जोहार कार्यक्रम बच्चों को उनके वास्तविक स्वरूप से मिलवाने की कोशिश कर रहा है। इसलिए हमें हर्ष जोहार कार्यक्रम को गहराई से समझने की जरूरत है। वार्डन एवं एचएम समेत पुस्तक वितरण समारोह में हर्ष जोहार के अंर्तगत संपूर्णा कंसोर्टियम के सदस्य भी मौजूद थे।
इस मौके पर पीरामल फाउंडेशन से रवि कुमार गुप्ता, क्वेस्ट एलायंस से सत्यजीत, स्वाति, कुमारी अंशुमाला, सरिता सिंह, ड्रीम ए ड्रीम से अजीत एवं गांधी फेलो आदित्य कुमार व जीत कुमार अमन भी शामिल थे। गौरतलब है कि हर्ष जोहार पाठ्यचर्या का उद्देश्य बच्चों के अंदर पांच मुख्य कौशलों - आत्म जागरूकता, सामाजिक जागरूकता, भावनात्मक कौशल, समानुभूति, और सामाजिक कौशल को विकसित करना है। जो कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में बहुत प्रभावी होता है।





