प्रतिनिधि,गिरिडीह। जिले में बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत तेलोनरी पंचायत के बुढ़ियाढाको ग्राम में एक वृहद व्यास का कुआं धंस जाने और उसकी मरम्मत नहीं होने के कारण लगभग 10 एकड़ की खेती बुरी तरह से प्रभावित हो गई है।साथ ही कुएं से सटे मकान पर भी ध्वस्त होने का खतरा उत्पन्न हो गया है। भाकपा माले के दिवंगत नेता महेंद्र सिंह की शहादत दिवस तैयारी को लेकर क्षेत्र भ्रमण के दौरान भाकपा माले नेता सह किसान महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव के समक्ष स्थानीय किसानों ने मिलकर उक्त समस्या की जानकारी दी।
किसानों ने माले नेता को बताया कि वृहद व्यास का यह कूप करीब 50 वर्ष पूर्व बना था और इससे आसपास के ग्रामीणों की 10 एकड़ की भूमि सिंचित होती रही थी,लेकिन पिछले वर्षा में इसका बड़ा हिस्सा धंस जाने से कुएं में मलवा भर गया है और पानी नहीं मिलने से इलाके की खेती प्रभावित हो गई है।कूप से सटा घर भी खतरे से खाली नहीं है।किसानों ने माले नेता से एक स्वर में कुएं की मरम्मत करवाए जाने की गुहार लगाई।
किसानों की समस्या से अवगत हो माले नेता राजेश यादव ने प्रशासन सहित क्षेत्र के प्रतिनिधियों से भी इस मामले का संज्ञान लेकर कूप की तत्काल मरम्मती करवाने की अपील की। कहा कि इस तरह की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए। यदि कूप की मरम्मती नहीं हुई, तो इससे किसानों की 10 एकड़ की बहुफसली जमीन की फसल प्रभावित हो जाएगी। इसलिए जरुरी है कि, इस मुद्दे पर कारगर पहल ली जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कूप मरम्मती नहीं होने पर स्थानीय किसानों को लेकर आंदोलन शुरू कर देंगे।इधर माले नेता ने किसानों से आगामी 16 जनवरी महेंद्र सिंह शहादत दिवस पर आयोजित संकल्प सभा में बढ़ चढ़कर शामिल होने के लिए बगोदर चलने का आह्वान भी किया। मौके पर मुख्य रूप से माले नेता शंकर यादव, जगदीश महतो, मल्लू यादव, रंजन यादव,हरिहर आदि मौजूद थे।





