प्रतिनिधि,जमशेदपुर।पटमदा प्रखण्ड के पटमदा बस्ती निवासी फणीभूषण महतो एक इनपुट डीलर है। उन्होंने 10वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्ष 2000 में पटमदा बेलटांड़ चौक के पास अपनी जीविका के लिए बीज एवं खाद की मां पार्वती बीज भंडार नाम से दुकान का सुभारंभ किया। शुरूआती दौर में पटमदा व इसके आस-पास अन्य खाद बीज दुकान अवस्थित होने के कारण फणीभूषण महतो को व्यापार करने में थोड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्राहक कम आते थे। बावजूद इसके उन्होंने धैर्य रखकर दुकानदारी की। इस दौरान अपनी व्यवहार कुशलता के कारण धीरे धीरे किसानों से परिचय होने से व्यापार में तरक्की होने लगा। वहीं वर्तमान समय में मां पार्वती बीज भंडार का नाम पटमदा और इसके आस-पास के किसानों के लिए लोकप्रिय बन गया,लेकिन फणीभूषण महतो चाहते थे कि सिर्फ खाद, बीज की बिक्री ही नहीं बल्कि किसानों को कृषि के तरीकों के बारे में भी बताया जाए। जिसके तहत अधिक से अधिक किसान उनके दुकान में आकर कृषि कुशलता को भी जाना।
फणीभूषण महतो को पूर्वी सिंहभूम जिला कृषि कार्यालय से जानकारी मिली कि डीलरों के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आत्मा संस्थान द्वारा चलाया जाने वाला है। वर्ष 2019-20 में आत्मा की और से डीएईएसआई कार्यक्रम का शुरुआत हुआ। जिसमें फणीभूषण महतो ने भी पंजीकरण करवाया और एक वर्षीय पाठ्यक्रम पूरी करने के बाद उन्होंने किसानों को विशेष मौसमों में कौन सी फसल या कौन सी सब्जी लगानी है, कौन सा रसायन एवं दवा का व्यवहार करना है, जैसे सभी प्रकार की तकनीकी प्रशिक्षण के दौरान जानकारी भी हासिल की। वे पहले से ही किसानों के बीच अपनी जान-पहचान बना चुके थे और अब किसानों को कृषि की तकनीक भी बताने लगे। जिसके परिणामस्वरूप अपने दुकानों में ग्राहक ही नहीं बल्कि छोटे स्तर पर अपने घर - बाड़ी में खेती करने वाले लोग भी उनसे खरीदारी करने के साथ-साथ खेती-किसानी के बारे में जानने के लिए आते रहते हैं। फणीभूषण महतो खुद भी कृषक परिवार से आते है। अपने कारोबार से जब भी उन्हें समय मिलता है तो वे किसानों के खेतों में घुमते फिरते पहुंचकर किसानों को जरूरी सलाह भी देते हैं।





