प्रतिनिधि,चतरा। पत्थलगड़ा के जिला परिषद सदस्य रामसेवक दांगी उर्फ भगत जी ने मंगलवार को सर्किट हाउस चतरा पहुंचकर सूबे के मंत्री सत्यानन्द भोक्ता, विधायक किसुन कुमार दास व बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद से मुलाकात की तथा पत्थलगड़ा प्रखंड के विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। साथ ही कई विषयों पर विचार विमर्श किया।
उन्होंने सभी विषयों पर विचार विमर्श करते हुए पत्थलगड़ा प्रखंड क्षेत्र में पीसीसी, बिजली, सिंचाई हेतु बोरिंग, नाली, पुल पुलिया व गर्मी की मौसम देखते हुए प्रखंड क्षेत्र में बंद पड़े जल मीनार को दुरुस्त करवाना, जरूरत के अनुसार विशेष जगहों पर जल मीनार व चापाकल की व्यवस्था, गार्डवाल सहित अन्य समस्याओं से उन्हें अवगत कराते हुए सूची उपलब्ध कराया तथा सभी समस्याओं का निपटारा जल्द कराने को लेकर आग्रह किया।
सभी समस्याओं से अवगत होने के पश्चात मंत्री सत्यानंद भोक्ता व विधायक किशुन दास ने पत्थलगड़ा जिप सदस्य रामसेवक दांगी उर्फ भगत जी को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का जल्द ही समाधान कर लिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि पूरे चतरा जिले में विकास की गंगा बहे यह हमारी प्राथमिकता में शामिल है।





