प्रतिनिधि,चतरा। सदर थाना क्षेत्र के ग्राम चंगेर में एक महिला रंजू देवी की उसके पति उपेन्द्र भूइयां ने पीट पीटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस ने त्वरित कार्यवाई करते हुए पत्नी हंता पति को गिरफ्तार कर लिया है।
इस आशय की जानकारी देते हुए सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक मनोहर करमाली ने बताया कि गुरुवार को सूचना प्राप्त हुई कि चंगेर गांव में उपेंद्र भुइयां पिता डिठोरी भूइयां ने अपनी पत्नी के साथ जमकर मारपीट करते हुए उसकी हत्या कर दी है। सूचना के आलोक में सनहा दर्ज करते हुए एक टीम का गठन कर त्वरित कार्यवाई की गई तथा हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया गया। छापामारी टीम में पुनि सह थाना प्रभारी मनोहर करमाली, पुअनि सोनिया सोय, पुअनि प्रकाश सेठ,अ नि बीना कुमारी एवं सदर थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
मनोहर करमाली ने बताया कि मृतिका रंजु देवी के शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल चतरा भेजा गया है। इस संबंध में सदर थाना कांड सं0-96/23 दिनांक 21.04.2023 धारा 304 (बी) भादवि के तहत कांड दर्ज करते हुए गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।





