प्रतिनिधि,जमशेदपुर।परसुडीह थाना अंतर्गत प्रमथ नगर में रिटायर्ड टीचर मैत्री चौधरी के बंद घर का ताला तोड़कर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने सोनार, तीन नाबालिग समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं चोरी की गए सोना को राहरगोड़ा निवासी सोनार शशि कुमार वर्मा के पास बेचा गया था। जिसके तहत सोनार ने 40 हजार का सोना मात्र 900 रुपए में खरीदकर उसे गला दिया था।शनिवार को थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर राम कुमार वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए सोनार समेत कुल छह को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सामान भी बरामद कर लिया गया है।





मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि सोनार शशि कुमार वर्मा पहली बार पुलिस के चंगूल में फंसा है। चोर जब उसे सोना बेचने के लिए आए थे तो उसने असली सोना को नकली बताते हुए मात्र 900 रुपए में ही खरीद कर गला दिया था। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में परसुडीह सोपोडेरा निवासी देवा महतो और सावन कर्मकार के अलावा तीन नाबालिग भी शामिल है। इसके अलावा एक आरोपी अब भी फरार है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।





मामले में पुलिस का कहना है कि टीचर के घर में 23 से 26 दिसंबर के बीच ताला लगा हुआ था। वहीं परिजन जब 27 दिसंबर को प्रमथ नगर स्थित घर लौटे तो देखा कि ताला टूटा हुआ है और घर के अंदर के सामान बिखरे पड़े हैं। जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। साथ ही शिक्षिका मैत्री चौधरी द्वारा थाने में लिखित शिकायत भी की गई। जिसमें बताया गया था कि घर से कुल 3.50 लाख रुपए मूल्य के गहने समेत नकदी की चोरी हुई है।पुलिस ने गलाया हुआ सोना के अलावा अन्य जेवर, एलइडी टीवी, कप-प्लेट, बर्तन आदि भी बरामद किया है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी के अलावा एसआई अरूण कुमार महतो, सुधीर कुमार शर्मा, एएसआई सतीश पांडेय, शिव शंकर प्रसाद, बॉडीगार्ड राजकुमार सिंह, चालक राजकिशोर यादव के साथ-साथ ससस्त्र पुलिस बल शामिल थी।