उत्तर प्रदेश के सिध्दार्थनगर जिले से सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माधव प्रसाद त्रिपाठी चिकित्सा महाविद्यालय समेत नौ मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण किया।लोकार्पण के बाद उत्तर प्रदेश की पिछली सरकारों पर पूर्वांचल को बीमारियों से जूझने के लिए छोड़ देने का आरोप लगाया।
पीएम मोदी ने लोकार्पण के बाद अपने सम्बोधन में कहा कि पूर्वांचल को पहले की सरकारों ने बीमारियों से जूझने के लिए छोड़ दिया था,अब वही पूर्वांचल पूर्वी भारत का मेडिकल हब बनेगा,जिस पूर्वांचल की छवि पिछली सरकारों ने खराब कर दी थी, पूर्वांचल को दिमागी बुखार से हुई मौतों की वजह से बदनाम कर दिया गया था,अब वही पूर्वांचल पूर्वी भारत को सेहत का नया उजाला देने वाला है।
पीएम मोदी ने सपा का बिना नाम लिए कटाक्ष करते हुए कहा कि दूसरी तरफ गरीबों के करोड़ों रुपए लूटने वाली भ्रष्टाचार की साइकिल 24 घंटे अलग से चलती रहती थी।दवा में भ्रष्टाचार, एंबुलेंस में भ्रष्टाचार, नियुक्ति में भ्रष्टाचार, ट्रांसफर पोस्टिंग में भ्रष्टाचार। यूपी में इस पूरे खेल में कुछ परिवार वादियों का तो बहुत भला हुआ।भ्रष्टाचार की साइकिल तो खूब चली और उसमें पूर्वांचल और यूपी का सामान्य परिवार पिसता चला गया। सही ही कहा जाता है कि जाके पांव न फटी बिवाई, वह क्या जाने पीर पराई।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि हमारे देश में आजादी के पहले और उसके बाद भी मूलभूत चिकित्सा और स्वास्थ्य सुविधाओं को कभी प्राथमिकता नहीं दी गई। अच्छा इलाज चाहिए तो बड़े शहर जाना होगा।देश के गरीब, दलित, शोषित, वंचित, किसान, गांव के लोग छोटे-छोटे बच्चों को सीने से लगाए, बुजुर्ग और माताएं जब स्वास्थ्य की बुनियादी सुविधाओं के लिए सरकार की तरफ देखते थे तो उनको निराशा ही हाथ लगती थी।इसी निराशा को उन्होंने अपनी नियति मान लिया था।
पीएम मोदी ने कहा कि सात साल पहले दिल्ली में और चार साल पहले उत्तर प्रदेश में जो सरकार थी उनके लोग पूर्वांचल में छोटे-छोटे अस्पतालों की घोषणा करके बैठ जाते थे,लोग आश लगाए रहते थे लेकिन सालों साल तक तो इमारत ही नहीं बनती थी, अगर बन भी जाती थी तो मशीनें नहीं होती थीं। या दोनों होते थे तो डॉक्टर और स्टाफ नहीं होता था जो पहले थे उनकी प्राथमिकता अपने लिए कमाना और अपने परिवार की तिजोरी भरना था, हमारी प्राथमिकता गरीब का पैसा बचाना है।
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में जब देश में भाजपा की सरकार बनी तो देश की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुधारने के लिए एक महायज्ञ शुरू किया गया।इस महायज्ञ तहत अनेक योजनाएं शुरू की लेकिन मुझे इस बात का हमेशा अफसोस रहेगा कि यहां जो पहले सरकार थी उसने हमारा साथ नहीं दिया और विकास के कार्यों में वो राजनीति को ले आई।केंद्र की योजनाओं को उत्तर प्रदेश में आगे नहीं बढ़ने दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहले कभी एक साथ नौ मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण नहीं हुआ अब ऐसा क्यों हो रहा है। इसका एक ही कारण है राजनीतिक इच्छाशक्ति और राजनीतिक प्राथमिकता।
पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन पूर्वांचल के लिए और पूरे उत्तर प्रदेश के लिए आरोग्य की डबल डोज लेकर आया है।सिद्धार्थनगर में उत्तर प्रदेश के नौ मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण हो रहा है। आज केंद्र में जो सरकार है,उत्तर प्रदेश में जो सरकार है वह अनेक कर्म योगियों की दशकों की तपस्या का फल है।सिद्धार्थनगर ने ही स्वर्गीय माधव प्रसाद त्रिपाठी जी के रूप में एक ऐसा समर्पित जनप्रतिनिधि देश को दिया, जिनका अथक परिश्रम आज राष्ट्र के काम आ रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि माधव बाबू ने राजनीति में कर्मयोग की स्थापना के लिए पूरा जीवन खपा दिया। उत्तर प्रदेश भाजपा के पहले अध्यक्ष के रूप में, केंद्र में मंत्री के रूप में माधव बाबू ने विशेष रूप से पूर्वांचल के विकास की चिंता की,इसलिए सिद्धार्थनगर के नए मेडिकल कॉलेज का नाम माधव बाबू के नाम पर रखना उनके प्रति, सेवा भाव के प्रति सच्ची कार्यांजलि है। यहां से पढ़ कर निकलने वाले युवा डॉक्टरों को यह जनसेवा की निरंतर प्रेरणा भी देगा।
पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल में आस्था, अध्यात्म और सामाजिक जीवन से जुड़ी बहुत विस्तृत विरासत है। इस विरासत को स्वस्थ, सक्षम और समृद्ध उत्तर प्रदेश के साथ भी जोड़ा जा रहा है।आज जिन नौ जिलों में मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया गया है, उनमें यह दिखता भी है। सिद्धार्थनगर में माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज,देवरिया में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, गाजीपुर में महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज, मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी मेडिकल कॉलेज, प्रतापगढ़ में डॉक्टर सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज, एटा में वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज और जौनपुर में उमानाथ सिंह मेडिकल कॉलेज समेत कुल नौ मेडिकल कॉलेज खोले गये है।
पीएम मोदी ने कहा कि इन नौ मेडिकल कॉलेजों के निर्माण से करीब ढाई हजार नए बैड तैयार हुए हैं, 5000 से अधिक डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए रोजगार के नए अवसर बने हैं।इसके साथ ही हर वर्ष सैकड़ों युवाओं के लिए मेडिकल की पढ़ाई का नया रास्ता भी खुला है।
पीएम मोदी ने कहा कि धनतेरस से लेकर दीपावली तक लोकल की जमकर खरीदारी करेंगे तो सभी की दीपावली खुशियों से भर जाएगी।
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिद्धार्थनगर में बने मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया और साथ ही यहीं से एटा, हरदोई, प्रतापगढ़, फतेहपुर, देवरिया, गाजीपुर, मिर्जापुर और जौनपुर के मेडिकल कॉलेजों को भी वर्चुअल माध्यम से लोकार्पित किया।इन मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कुल 2,329 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। इनमें से आठ मेडिकल कॉलेज केंद्र प्रायोजित योजना के तहत स्वीकृत किए गए हैं।जौनपुर में मेडिकल कॉलेज को राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से तैयार कराया है। पीएम मोदी ने लोकार्पण कार्यक्रम में चित्र प्रदर्शनी तथा माधव प्रसाद त्रिपाठी चिकित्सा महाविद्यालय के मॉडल को देखा और छायाचित्र प्रदर्शनी, बुद्ध का जीवन दृश्य एवं उत्खनित पुरास्थल कपिलवस्तु-एक झलक का अवलोकन भी किया।पीएम मोदी के साथ इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे।देश के किसी प्रधानमंत्री का सिद्धार्थनगर का पहला दौरा था।





