पुलिस इंस्पेक्टर के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान
वाहन परिचालन में सुरक्षा मानकों का अनुपालन शीघ्र हीं कठोरता से कराया जाएगा: डीटीओ
प्रतिनिधि,टंडवा (चतरा)। रविवार को इंस्पेक्टर विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के धनगड़ा घाटी के पास सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को गुलाब का फूल भेंट कर दोबारा गलती नहीं करने की हिदायत दी गयी।
बताया गया कि दोपहिया वाहन में हेलमेट तथा चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने, वाहन को नियंत्रित गति में चलाने से भारी जुर्माना के अतिरिक्त दुर्घटना होने पर मौत से भी बचा जा सकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को प्रतिकात्मक रुप से यमराज का भी दर्शन कराया गया। वहीं पुलिस द्वारा दुर्घटना के संभावित जगहों में श्रम दान कर सफाई कार्य किया गया।
इंस्पेक्टर श्री सिंह ने बताया कि वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। नियमों कानूनों की अनदेखी से दुर्घटनाओं की संभावना काफ़ी बढ़ जाती है।दूसरी ओर बातचीत में डीटीओ संतोष सिंह ने सुरक्षा मानकों के अनुपालन के साथ-साथ वाहनों का प्रदूषण, फिटनेस, इंस्योरेंस, ड्राइविंग लाइसेंस का जांच- पड़ताल शीघ्र हीं कठोरता से कराने के संकेत दिए हैं।





