प्रतिनिधि,दुमका। पुलिस संस्मरण दिवस पर शनिवार को संताल परगना प्रमंडल के जोनल डीआईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल एवं पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खरवार सहित जिले के सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मियों ने पुलिस केंद्र दुमका में शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किया।





मौके पर उपस्थित जोनल डीआईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल ने अपने संबोधन में कहा कि आज के ही दिन 21 अक्टूबर 1959 के लेह लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के उपाधीक्षक श्री करम सिंह अपने 20 बहादुर जवान साथियों के साथ चीनी सेना के साथ अपने देश की सीमा की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए थे।तब से हम प्रतिवर्ष इस तिथि को पुलिस संस्मरण दिवस के रूप में मनाते हैं।





आज हम उन शहीद जवानों को याद कर नमन करते हैं।हम सभी केंद्रीय अर्धसैनिक बल तथा राज्य पुलिस बल के उन बहादुर पदाधिकारियों एवं जवानों को याद करते हैं,जिन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा तथा आंतरिक सुरक्षा एवं शांति स्थापित करने के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी है।





देश की सीमा की रक्षा आंतरिक सुरक्षा एवं शांति स्थापित करने के क्रम में विगत वर्ष (1 सितंबर 2022 से 31 अगस्त 2023) तक कुल 188 पदाधिकारी एवं जवान शहीद हुए हैं।इन शहीद पुलिसकर्मियों में हमारे झारखंड पुलिस के 2 पुलिसकर्मी पुलिस अवर निरीक्षक,अमित कुमार तिवारी एवं आरक्षी गौतम कुमार भी शहीद हो गए थे।झारखंड के शहीद पुलिसकर्मियों के साथ-साथ हम उन सभी पुलिसकर्मियों को नमन करते हैं तथा अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं,जिन्होंने विगत वर्ष में अपनी शहादत दी है।हम दुमका जिला बल के पूर्व में शहीद उन सभी आठ पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को भी नमन करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं।