लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर के विपुलखंड में पूर्व मंत्री ओम प्रकाश श्रीवास्तव की बेटी 50 वर्षीय प्रतिभा श्रीवास्तव का शव बाथरूम में पड़ा मिला। महानगर के रहने वाले मृतका के बहनोई राजेंद्र श्रीवास्तव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।





राजेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि वो परिवार साथ महानगर में रहते हैं।पूर्व मंत्री ओम प्रकाश श्रीवास्तव उनके ससुर हैं और पिछले साल उनका निधन हो गया था।उन्होंने बताया कि पिता की मौत के बाद से प्रतिभा घर में अकेली रहती थीं।





राजेंद्र ने बताया कि उनकी पत्नी ने प्रतिभा को दो दिन पहले फोन किया था,लेकिन फोन उठा नहीं था।इस पर उन लोगों ने ध्यान नहीं दिया।दूसरे दिन फोन न उठने पर प्रतिभा के घर पहुंचे तो दरवाजा नहीं खुला। उन्होंने बताया कि बहुत देर तक दरवाजा नही खुला।इसके बाद दरवाजा तोड़कर देखा तो प्रतिभा का शव बाथरूम में संदिग्ध हालात में पड़ा मिला।आशंका है कि प्रतिभा का शव दो दिन से बाथरूम में पड़ा था। राजेंद्र ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।





प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर दिनेश चन्द मिश्रा के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





आपको बता दें कि ओम प्रकाश श्रीवास्तव मूलरूप से जौनपुर के रहने वाले थे।ओम प्रकाश श्रीवास्तव 1991 में मुलायम सिंह यादव की सरकार में चिकित्सा शिक्षा मंत्री थे।