प्रयागराज।पूर्व सांसद माफिया अतीक अहमद की दिक्कतें कम होने के बजाय बढ़ती ही जा रही हैं।प्रशासन लगातार शिंकजा कस रहा है।शुक्रवार की दोपहर अतीक अहमद की 25 करोड़ से अधिक की संपत्ति की कुर्की की कार्यवाही की गई। 6 बीघे जमीन को प्रयागराज पीडीए और चायल एसडीएम की मौजूदगी में पुलिस ने कुर्की का आदेश पढ़ कर सुनाया।सितंबर 2020 से लेकर अभी तक अतीक अहमद और उनके सहयोगियों की 300 करोड़ की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।
हाल ही में माफिया अतीक अहमद के घर पर बुलडोजर चला था।भारी पुलिस बल देखकर किसी की विरोध करने की हिम्मत नही हुई।इसके अलावा अतीक अहमद के खास खालिद जफर पर भी प्रशासन ने कार्रवाई की।कुछ दिनों पहले अतीक अहमद के छोटे बेटे अली मोहम्मद ने भी पुलिस के आगे सरेंडर कर दिया,लेकिन उसका बड़ा बेटा उमर अभी फरार है। उमर पर दो लाख रुपए का इनाम भी है।
6 अगस्त को जारी हुआ था कुर्की का आदेश
प्रयागराज और कौशांबी जिले के बार्डर पर रसूलपुर उर्फ़ कोइलहा में माफिया अतीक अहमद ने 25 करोड़ से अधिक की संपत्ति को गिरोह बनाकर अर्जित किया था।एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि कौशांबी के कोइलहा गांव स्थित यह भूमि लगभग 6 बीघे है। इसकी जानकारी कोतवाली प्रभारी को केस नंबर 200/2020 में गैंगस्टर की विवेचना के दौरान सामने आई।
एसपी सिटी ने बताया कि प्रयागराज जिला मजिस्ट्रेट ने चायल एसडीएम से भूमि के दस्तावेज तलब कर जांच कराई।जिला मजिस्ट्रेट प्रयागराज संजय खत्री ने 6 अगस्त को जारी आदेश में अतीक अहमद के कोइलहा स्थित संपत्ति को कुर्क करने का आदेश दिया। जिसके अनुपालन में शुक्रवार को सरकार का बोर्ड लगा कर आम जन को कार्यवाही के संबंध में जानकारी दी गई।
मुनादी करा कर हुई कुर्की की कार्रवाई
आदेश के अनुपालन में शुक्रवार की दोपहर करीब 2 बजे प्रयागराज की पूरामुफ्ती पुलिस, पीडीए के अधिकारी, चायल एसडीएम मनीष यादव सहित भारी पुलिस बल जीटी रोड स्थित माफिया अतीक की भूमि पर सरकार का बोर्ड लगा कर उसे कुर्क कर लिया।अतीक पर शुक्रवार को हुई कार्यवाही को मिलाकर अभी तक 300 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सितंबर 2020 से अभी तक अतीक अहमद और उनके सहयोगियों के ऊपर 52 कार्यवाही हो चुकी है। इसमें से अकेले अतीक अहमद पर 45 कार्यवाही हुई है। शुक्रवार को भी 25 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है।
इंटर स्टेट 227 गैंग पर हो रही है कार्यवाही
प्रयागराज के इंटर स्टेट गैंग 227 के गैंग लीडर माफिया अतीक अहमद और उनके गुर्गों पर दो साल से लगातार कार्यवाही हो रही है। ये वो संपत्तियां है जो 227 गैंग के लीडर और सदस्यों ने अपराध में लिप्त होकर अर्जित की थी। अतीक गैंग पर कार्यवाही की शुरुआत सितम्बर 2020 को सिविल लाइन के बेहद पाश इलाके से हुई थी। जो कौशांबी के कोइलहा गांव तक 2 साल बाद भी जारी है।
माफिया अतीक अहमद पर दर्ज है 109 मामले
माफिया अतीक अहमद एक बार फूलपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद और प्रयागराज पश्चिम से पांच बार का विधायक रह चुका है।वर्तमान में अतीक अहमद अहमदाबाद के जेल में बंद है।अतीक के खिलाफ 1979 से लेकर 2019 तक कुल 109 मुकदमे लंबित हैं। इनमें गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और गुंडा एक्ट, अपहरण के मामले में दर्ज हैं। सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, अतीक के खिलाफ 8 मामले 2015 से लेकर 2019 में दर्ज किए गए, जिनमें अभी जांच चल रही है। इनमें दो मुकदमे हत्या के भी शामिल हैं।
जानें कौन है अतीक अहमद
आपको बता दें कि माफिया अतीक अहमद उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल का बड़ा नाम है।पूर्वांचल और प्रयागराज में सरकारी ठेकेदारी, खनन और रंगदारी के कई मामलों में अतीक अहमद का नाम आया।अतीक अहमद के खिलाफ लखनऊ, कौशाम्बी, चित्रकूट, प्रयागराज के अलावा बिहार में भी हत्या, अपहरण, जबरन वसूली आदि के मामले दर्ज हैं।अतीक अहमद के खिलाफ सबसे ज्यादा मामले प्रयागराज जिले में ही दर्ज हुए।





