प्रतिनिधि,जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाने में रविवार को पूर्व सीएम रघुवर दास के भतीजे कमलेश साहू ने 8 लाख रुपए रंगदारी मांगने का एक मामला व्यापारी संगम अग्रवाल के विरुद्ध दर्ज कराया है। इसी तरह संगम अग्रवाल ने भी कमलेश साहु के खिलाफ 8 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला थाने में दर्ज कराया है। वहीं एक ही तरह के दो-दो मामले सामने आने के बाद पुलिस ने काउंटर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूरे मामले में कमलेश साहु का कहना है कि संगम अग्रवाल ने साकची बाराद्वारी स्थित अपने मिनरल प्रोसेसिंग प्लांट चंदूका मिनरल्स में रविवार को बकाया 8 लाख रुपए देने के लिए बुलाया था। जिसपर वहां पर वे पहुंचे तो आरोपी संगम अग्रवाल ने उनके साथ मारपीट कर 8 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। जबकि मामले में संगम अग्रवाल का कहना है कि पूर्व सीएम रघुवर दास के भतीजे कमलेश साहु 8 जनवरी की दोपहर 2 बजे अपने 20-25 गुंडों द्वारा उनपर बाराद्वारी से जाते समय हमला करवाया। इस दौरान हथियार का भय दिखाकर लाठी-डंडे से मारपीट भी की। साथ ही वीडियो भी बना लिया। जिसमें कहा गया है कि संगम 8 लाख रुपए कमलेश साहु को देगा। वहीं व्यापारी संगम अग्रवाल ने सोमवार इसकी शिकायत एसएसपी प्रभात कुमार से भी की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





