प्रतिनिधि,गिरिडीह। ग्रामीण आज भी विकास योजनाओं से कोसों दूर रह रहे हैं,इसका जीता जागता उदाहरण जिले के बेंगाबाद प्रखण्ड के मोतीलेदा पंचायत के गांव कोल्हरिया में देखने को मिल रहा है।गांव के जर्जर हो चुके कुएं से अपनी जान पर खेलकर क्या बूढ़े बच्चे युवा सभी खतरा मोल ले रहे हैं।पंचायत तथा प्रखण्ड के जन प्रतिनिधिओ द्वारा लगातार गांव के निवासियों के साथ उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है।अब जाकर भाकपा माले के नेताओं ने गांव पहुंचकर माजरा देखा और समझा। साथ ही शीघ्र निराकरण नहीं होने की स्थिति में जनांदोलन की चेतावनी दी है।





भाकपा माले नेता सह अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव ने शनिवार को मोतीलेदा पंचायत अंतर्गत नीचे कोल्हरिया के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का जायजा लिया।गांव के कोल आदिवासियों की कई समस्याओं से अवगत होने के अलावा उन्होंने उनके उस जर्जर कूप को भी देखा,जहां कई तरह का खतरा उठाकर भी लोग उसका पानी उपयोग करने को विवश हैं।कूप का मुआयना करने के बाद माले नेता ने कहा कि गरीबों के साथ विकास के नाम पर सिर्फ धोखा हो रहा है। थोड़ी बहुत आने वाली विकास की राशि को भी प्राथमिकता के आधार पर खर्च नहीं किया जाता।गैर जरूरी योजनाओं को तवज्जो देकर जनता की निहायत जरूरतों को भी नजरंदाज कर दिया जाता है।उन्होंने कहा कि एक तरफ पंचायती राज लागू कर जनता को अधिकार देने की बात की गई है, लेकिन व्यवहार में आज भी आम लोग विकास के पैसों को खर्च करने के लिए प्राथमिकताएं तय नहीं कर पा रहे।





राजेश यादव ने कहा कि कहने को तो इस गांव में बोरिंग आधारित पानी टंकी का भी निर्माण किया गया है। गांव की आबादी के अनुसार पानी देने के बजाय एकाध घंटे में ही बस बोल देता है। यही नहीं मोतीलेदा पंचायत के कई गांव ग्रामीण पेयजल आपूर्ति योजना से भी आच्छादित हैं।लेकिन लोगों का कहना है कि उससे सप्ताह के कुछ ही दिन और केवल आधे घंटे ही पानी की आपूर्ति होती है,जो लोगों की जरूरत के लिए अपर्याप्त है। नतीजतन लोगों को पानी के लिए वैकल्पिक तरीकों का इस्तेमाल करना पड़ता है और इसी कारण विवश होकर इस गांव के लोग जर्जर कूप पर निर्भर हैं।





उन्होंने स्थानीय विधायक/सांसद के अलावा इलाके का प्रतिनिधित्व करने वाले दूसरे प्रतिनिधियों और प्रखंड तथा जिला प्रशासन को भी इसका संज्ञान लेकर तत्काल कूप मरम्मती की मांग करते हुए कहा कि यदि इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।मौके पर मुख्य रूप से भाकपा माले के पंचायत प्रभारी छोटेलाल यादव सहित ठकुरी कोल,लखन कोल,प्रभु शर्मा, कोलेश्वर कोल, कंदन कोल,डोमन कोल, बलदेव कोल, रामदेव कोल, सहदेव कोल, नारायण कोल,मेघु कोल,गुजर कोल, जानकी कोल,सुदामा देवी,लीलावती देवी, विकास,प्रदीप कोल सहित अन्य महिला पुरुष मौजूद थे।