प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बागबेड़ा थाना अंतर्गत जेपी रोड निवासी उमेश कुमार शर्मा के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने दो लाख रुपए मूल्य के गहनों की चोरी कर ली। वहीं घटना की जानकारी उन्हें पड़ोसियों ने दी। जिसके बाद वे अपने घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजे टूटा हुआ है और अंदर कमरे में सभी सामान बिखरे पड़े हैं। यह देखकर उन्होंने घटना की जानकारी थाने में जाकर दी। जिसपर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चोरों ने उमेश कुमार शर्मा के घर से सोने की एक जोड़ी कान की बाली, सोने की नथिया, 42 इंच का एलइडी टीवी, एक बड़ा वाला एलपीजी गैस सिलेंडर के अलावा न‌ए कपड़े की भी चोरी कर ली है।





मामले में उमेश शर्मा ने बताया कि कोलकाता में उनका बेटा रहकर काम करता है। उसी के पास वे अपनी पत्नी के साथ 4-5 माह पहले से गए हुए थे। इस बीच पड़ोसी विक्की प्रसाद ने 4 जनवरी को फोन कर बताया कि उनके घर का दरवाजा टूटा हुआ है। जिससे चोरी होने की आशंका पर उमेश शर्मा कोलकाता से 5 जनवरी को पत्नी के साथ वापस घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी दो माह की एक पोती है और उसका इलाज चल रहा था। जिस कारण वे अपनी पत्नी के साथ बेटे के पास रह रहे थे। जहां अब भी पोती की हालत खराब है। चोरी की सूचना पर वे घर तो चले आए। मगर बीमार पोती की याद उन्हें हरपल आ रही है।