प्रतिनिधि,जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह गुरुद्वारा कमिटी के उपाध्यक्ष सह गुरुद्वारा दुख भंजन साहिब 10 नंबर बस्ती के सेवादार सरदार सविंदर सिंह पर मनदीप सिंह नामक युवक ने जानलेवा हमला किया है।
जानकारी के अनुसार मनदीप सिंह बारीडीह गुरुद्वारा पर वजीर ग्रंथी बाबा निरंजन सिंह को रंगरेटा बिरादरी के आधार पर सेवा मुक्त कराने के लिए कमिटी पर दबाव बनाता था। साथ ही गुरुद्वारा में सरदाई प्रसाद के लिए भी दबाव देता रहता था। वह और उसके कुछ साथी शाम को निहंग वेशभूषा में गुरुद्वारा साहब पहुंचकर धमकाते भी थे।इस दौरान उनके पास तलवार भी थी। जबकि बारीडीह कमिटी के उपाध्यक्ष होने के नाते सविंदर सिंह ने उसे इन सब हरकतों से बाज आने को कहा था। जिससे वह उनसे खार खाए हुए था। वहीं गुरुवार की शाम लगभग 5:15 बजे सविंदर सिंह गुरुद्वारा दुख भंजन साहिब में संगत की चाय पानी के लिए दूध का पैकेट थैला में लेकर पहुंचे। जैसे ही वे गुरुद्वारा के प्रवेश द्वार के समक्ष गए तो मनदीप सिंह ने अचानक उनपर हमला कर दिया। इस दौरान उसने चेहरे पर मुक्का से वार करना शुरू कर दिया। एक हाथ में थैला रहने के कारण सविंदर सिंह संभल नहीं पाए। मगर जैसे ही उसने पकड़ने की कोशिश की तो वह गाली देते हुए फरार हो गया। सविंदर सिंह के अनुसार आरोपी मनदीप के साथ तीन चार अज्ञात युवक और भी थे। जिन्हें देखकर वे पहचान सकते हैं। वहीं घटना के बाद सविंदर सिंह सीधे थाने पहुंचे और हमलावर मनदीप सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत की। साथ ही पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
दूसरी ओर सविंदर पर हमला होने की जानकारी मिलते ही प्रधान कुलविंदर सिंह, सलाहकार सुरजीत सिंह, महासचिव सुखविंदर सिंह, पाल सिंह, ज्ञानी कुलदीप सिंह, संदीप सिंह, अवतार सिंह सोखी भी थाने पहुंचे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





