प्रतिनिधि,जमशेदपुर।विगत 3 जनवरी एएसपी शुभांशु जैन को बिरसा नगर थाना अंतर्गत रमणी काली मंदिर के पास ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री करने की गुप्त सूचना मिली। जिसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस की गश्ती दल ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी के दौरान एक युवक को रंगे हाथों ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा। साथ ही उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने धर दबोचा।





गिरफ्तार आरोपियों में सिदगोड़ा दिनकर पथ बारीडीह बस्ती निवासी सोनू पांडे और रोड नंबर 3 बागुनहातु का रहने वाला अनूप हांसदा उर्फ चौंबे शामिल है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर 10 पुड़िया ब्राउन शुगर, मोबाइल और ब्राउन शुगर बिक्री से अर्जित नगद 400 रुपए भी बरामद किया है। वहीं दोनों के विरुद्ध थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर बुधवार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसी तरह बीते 3 जनवरी को ही सीतारामडेरा थाना अंतर्गत इंद्रानगर निवासी आकाश भुइयां को 11 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया है। जिसके बाद थाने में मामला दर्ज कर बुधवार गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।