प्रतिनिधि,बड़कागांव। बुधवार को बड़कागांव चमगड्डा स्थित कार्यालय में बिहार कोलियरी कामगार यूनियन की बैठक की गई।जिसकी अध्यक्षता मोहम्मद हसन एवं संचालन विशेश्वर कुमार ठाकुर ने किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार कोलियरी कामगार यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह, सचिव धनेश्वर तुरी और उपाध्यक्ष लोदो मुंडा उपस्थित हुए।बैठक में बड़कागांव एनटीपीसी माइंस में कार्यरत मजदूर भारी संख्या में शामिल हुए। मुख्य अतिथियों ने कहा कि हम लोगों की लड़ाई कंपनी एवं सरकार से नहीं है, बल्कि उनके द्वारा बनाई गई गलत नीतियों से है।आगे मजदूरों को संगठित होकर हक एवं अधिकार की लड़ाई लड़ने की बात कही।





बैठक में सर्वसम्मति से प्रखंड कामगार यूनियन के अध्यक्ष मोहम्मद हसन, उपाध्यक्ष विशेश्वर कुमार ठाकुर, सचिव सतीश कुमार, उपसचिव अर्जुन प्रजापति एवं कोषाध्यक्ष प्रमोद रजक को चुना गया।वहीं कार्यकारिणी सदस्यों में दिलचंद यादव, जागेश्वर साव, लोकेश कुमार, अर्जुन रविदास, जागेश्वर राम, घनश्याम प्रजापति, लालू प्रसाद, राजकुमार महतो और रोहित पटेल को बनाया गया। अध्यक्ष मोहम्मद हसन एवं उपाध्यक्ष विशेश्वर ठाकुर ने कहा कि यूनियन की ओर से हमें जो जिम्मेवारी दी गई है, उसे अपने मजदूर भाइयों के हित में काम किया जाएगा। एनटीपीसी पंकरी बरवाडीह में कार्यरत मजदूरों के हितों की रक्षा की जाएगी। आगे कहा कि कंपनी के द्वारा मजदूरों के हक के लिए जो भारत सरकार के द्वारा नियम बनाए गए हैं और कंपनी उल्लंघन कर रही है उसका विरोध किया जाएगा।